CRIME : 14 साल के किशोर की हत्या का खुलासा, चचेरे भाई ने जमीन विवाद में उतारा मौत के घाट

सूरजपुर। जिले में 14 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतक का चचेरा भाई निकला।
11 फरवरी 2026 की शाम महोरा निवासी मंगलूराम पंडो के बेटे लालसाय को उसके ही मोबाइल से परिवार को कॉल कर हत्या की सूचना दी गई, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। अगले दिन ग्रामीणों के साथ की गई खोजबीन में गहुआ भादा जंगल की पगडंडी किनारे उसका शव बरामद हुआ, गले पर गहरे घाव के निशान मिले। प्रारंभिक जांच में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद की बात सामने आई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और संदेह के आधार पर देवसाय पंडो को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने पहले किशोर को बहाने से निर्माणाधीन मकान के पास बुलाया, फिर विवाद के बाद जंगल की ओर ले जाकर टांगी से हमला किया।
घायल होने के बाद भी जब किशोर भागने लगा तो आरोपी ने दोबारा वार कर उसकी हत्या कर दी। शक से बचने के लिए उसने मृतक के फोन से परिजनों को कॉल कर भ्रम फैलाया, मोबाइल और सिम झाड़ियों में फेंक दिए और अगले दिन खोजबीन में भी शामिल हुआ। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हथियार और मोबाइल के हिस्से बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



