छत्तीसगढ़

कांग्रेस भी करेगी सुंदर कांड और हनुमान चालीसा का पाठ

जगदलपुर।श्री राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज शामिल होंगे। कांग्रेस सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ आयोजन प्रदेश के सभी जिलों में कराएगी।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बताया कि 22 जनवरी को कांग्रेस सभी जिला मुख्यालयों में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन कराएगी। रायपुर में राजीव भवन और पुराने कांग्रेस भवन के साथ कौशल्या माता मंदिर में भी आयोजन होगा। कौशल्या माता मंदिर में पाठ का आयोजन रायपुर शहर और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी संयुक्त रूप से करेंगी। श्री बैज ने कहा कि सिर्फ भाजपा ही रामभक्त नहीं है। कांग्रेस ने तो शुरू से ही राम भक्ति की है और राम को माना है। भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए दीपक बैज ने कहा कि भाजपा आस्था पर राजनीति कर रही है। आस्था व्यक्तिगत मसला है और हर व्यक्ति भगवान राम को मानता है। भाजपा को सिर्फ चुनाव के समय भगवान राम याद आते हैं, भाजपा के नेता वोट के लिए ऐसा करते हैं। हमारी सरकार ने 5 साल में भगवान राम के ननिहाल और माता कौशल्या के मंदिर का जीर्णोद्धार कराया है। सुकमा में रामा राम मंदिर का जीर्णोद्धार और राम वनगमन पथ का निर्माण कराया। 15 साल सरकार में रही भाजपा को कभी भगवान राम याद नहीं आए।
भ्रष्टाचार की दाल गलाने की तैयारी
दीपक बैज मौजूदा भाजपा सरकार द्वारा श्रमिकों और गरीबों की दुहाई देते हुए पुनः आज दाल भात केंद्र खोलने के संबंध में लिए गए फैसले पर भी करारा तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह भ्रष्टाचार की दाल गलाने की कवायद ही है। उन्होंने कहा कि दाल भात केंद्रों की बदहाली पहले भी देखी जा चुकी है। अच्छा है खोलें जनता को भी स्थिति पता चल जाएगी। उन्होंने कहा कि दाल भात केंद्रों के जरिए भाजपा के नेता गरीबों के हक में डाका डालकर भ्रष्टाचार करेंगे। भाजपा के पूर्व के शासनकाल में पहले भी उसके नेता दाल भात केंद्र के लिए मिलने वाले राशन की कालाबाजारी करते रहे हैं। इन केंद्रों से गरीबों और मजदूरों की कम, भाजपा नेताओं की भलाई ज्यादा हुई।
खाई पाटेगी न्याय यात्रा
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा निकाली गई भारत जोड़ो न्याय यात्रा के सवाल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जबसे मोदी सरकार देश का नेतृत्व कर रही है, तबसे भारत दो वर्गों में बंट गया है। एक अमीर और दूसरा गरीब वर्ग। दोनों के बीच में असमानता की खाई बहुत ज्यादा बढ़ चुकी है। चंद अमीर और भी अमीर बनते जा रहे हैं। वहीं गरीब और मध्यम वर्गीय तबका गरीबी के रसातल पर पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अमीरों की हित पोषक पार्टी है। गरीबों से उसका कोई लेना देना नहीं है। भाजपा को सिर्फ चुनावों के समय ही गरीबों की याद आती है।
जनता सिखाएगी सबक
श्री बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आज 9 सांसद भारतीय जनता पार्टी के हैं और दो सांसद कांग्रेस के हैं। संसद में आज तक इन नौ भाजपा सांसदों ने कभी भी छत्तीसगढ़ के हितों से जुड़े मुद्दों को नहीं उठाया।लोकसभा चुनाव नजदीक है और 11 की 11 सीटें जीतने का दावा भाजपा कर रही है। जनता भाजपा की हकीकत जान चुकी है और इस बार उसे जनता जरूर सबक सिखाएगी। अयोध्या जाने के सवाल पर दीपक बैज ने कहा कि 22 जनवरी को तो भाजपा प्रायोजित कार्यक्रम है। अयोध्या पवित्र तीर्थ है, समयानुसार वहां कभी भी जाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 22जनवरी के आयोजन का शंकराचार्यों और बहुत से साधु संतों ने भी विरोध किया है। उनका कहना है कि अधूरे बने मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा धर्म संगत नहीं है। राम नवमी के दिन प्राण प्रतिष्ठा की वकालत शंकराचार्य कर रहे हैं, मगर उनकी बात न सुनकर प्रधानमंत्री ने संतों का अपमान किया है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button