महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के विरोध में कांग्रेस का मौन प्रदर्शन : रायपुर में नेता प्रतिपक्ष, बिलासपुर में PCC चीफ ने दिया धरना, BJP प्रवक्ता ने कहा – साय सरकार में आई अपराध में कमी

रायपुर. प्रदेश कांग्रेस ने महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के विरोध में बिलासपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और रायपुर में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कांग्रेसियों के साथ काली पट्टी लगाकर मौन धरना दिया और भाजपा सरकार पर निशाना साधा. वहीं कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा, कांग्रेस झूठी बयानबयाजी कर जनता को भड़काने का काम कर रही है.
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा, बीजेपी सरकार बनने के बाद महिलाओं के खिलाफ अत्याचार हो रही है. मुख्यमंत्री के जिले में एक महिला के साथ 9 लोगों ने गैंगरेप किया, ये कहते हुए शर्म आती है. जांच दल बनाकर जब महिला से मिलना चाहा तो महिला को किडनैप कर लिया गया है. महंत ने कहा, पिछले आठ महीने में 6000 से अधिक छेड़छाड़ की घटना हुई है. 600 से ज्यादा बलात्कार की घटनाएं हुई है. राखी, तीजा, पोला जैसे बहनों के कई त्यौहार आने वाले हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ में बहनें सुरक्षित नहीं है.
झूठी बयानबाजी कर जनता को भड़का रही कांग्रेस : गुप्ता
वहीं कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा, कांग्रेस झूठी बयानबयाजी कर जनता को भड़काने का काम कर रही है. प्रदेश में भूपेश बघेल की जब सरकार थी तब महिलाओं पर अत्याचार काफी हो रहे थे. महादेव सट्टा, शराब का व्यसन बढ़ गया था. इसके कारण अपराध बढ़ गया था. साय सरकार नशाखोरी पर लगातार कार्रवाई कर रही और अपराध के मामले में लगातार कमी आ रही है. साय सरकार सारे वादे पूरे कर रहे. इससे जनता खुश हैं.



