कांग्रेस दफ्तर को मिला बिजली विभाग का नोटिस

धमतरी : कांग्रेस भवन की बिजली कभी भी काटी जा सकती है. दरअसल, बिजली विभाग ने धमतरी के कांग्रेस भवन को एक नोटिस भेजा है. बिजली विभाग ने भेजे गए नोटिस में कहा है कि आपने पिछले 6 से 7 महीने का बिजली बिल जमा नहीं किया है. बिजली बिल जमा नहीं करने पर क्यों नहीं कार्रवाई की जाए. इधर गर्मी के आते ही शहर में बिजली की खपत पहले के मुकाबले दोगुना बढ़ गई है.
कांग्रेस भवन को नोटिस: बिजली की बढ़ती खपत को देखते हुए सीएसपीडीसीएल यानि बिजली विभाग बिजली बिल के बकायादारों पर सख्ती बरतने लगी है. कंपनी की कोशिश है कि जिन लोगों पर बिजली बिल का बकाया है वो जल्द से जल्द बिजली बिल चुका दें. जिन लोगों ने बिजली चेतावनी देने के बाद नहीं चुकाया है उनको नोटिस भी भेजा जा रहा है. इसी क्रम में कांग्रेस भवन को भी नोटिस भेजा गया है. बिजली विभाग ने बिल नहीं चकाने पर कांग्रेस भवन को रेड लिस्ट में डाल दिया है. अगर समय रहते बिल नहीं चुकता किया गया तो एक से दो दिन के भीतर बिजली काटी जा सकती है.
बिजली विभाग की चेतावनी: जानकारी के मुताबिक बिजली के बिल की रकम बढ़ते बढ़ते 22 हज़ार रुपये से भी ज्यादा हो चुकी है. बिजली विभाग की तरफ से जिला कांग्रेस को नोटिस भी जारी किया गया था. इसके बावजूद बिल नही पटाया गया. अब बिजली विभाग ने कनेक्शन ही काटने की तैयारी कर ली है.



