छत्तीसगढ़

भूपेश बघेल के घर ईडी की रेड का विरोध में कांग्रेस ने फूंका केंद्रीय एजेंसी का पुतला

धमतरी : छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के घर हुई ईडी की रेड को लेकर पूरे प्रदेश में प्रदर्शन हो रहा है.प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ता ईडी और बीजेपी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. मंगलवार को धमतरी में कांग्रेसियों ने ईडी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन के सामने ईडी का पुतला जलाया.

ईडी की रेड का विरोध : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर ईडी की छापेमारी से कांग्रेसी नाराज हैं. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी के दुरुपयोग का आरोप भी सरकार पर लगाया है. इस दौरान कांग्रेसियों ने बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की है.धमतरी में विरोध स्वरुप कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला कार्यालय राजीव भवन से केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निकले. इसके बाद गांधी मैदान के बाहर पुतला दहन किया. इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास भी किया,लेकिन कांग्रेसियों ने पुतला फूंक दिया.

ईडी ने संसद सत्र की शुरुआत होने पर ये कार्रवाई की है. चारों तरफ से घिरी हुई बीजेपी ने हेडलाइन बदलने के लिए देश का ध्यान टैरिफ, गिरती हुई अर्थव्यवस्था, वोटर्स लिस्ट फ्रॉड से भटकाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के घर पर ED की रेड करवा दी. ED का छापा केंद्र सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध को उजागर करता है – शरद लोहाना, जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी

जानबूझकर कार्रवाई करने का आरोप : जिलाध्यक्ष शरद लोहाना ने सरकार पर आरोप लगाया कि हमारे नेताओं को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है. हमारे नेताओं के खिलाफ उनके पास कोई सबूत नहीं है, सिर्फ परेशान करने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है. हमारे पूर्व मंत्री कवासी लखमा को भी जेल में डाल दिया गया है. उनके बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं है. अब तक पुलिस कुछ भी पेश नहीं कर पाई है.

बीजेपी पर गंभीर आरोप : पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी ने कहा कि बीजेपी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर राजनीतिक विरोधियों की आवाज को कुचलने मेें जुटी है. सरकारी मशीनरियों का दुरुपयोग कर चुनाव जीत के बाद अपनी नाकामी छुपाने निम्न स्तर के कृत्यों का सहारा ले रही है. हम इस तरह के कृत्यों से डरने वाले नहीं हैं. भारतीय जनता पार्टी ईडी को विपक्ष के लिए हथियार की तरह उपयोग करने का काम कर रही है. बीजेपी सरकार ने लगातार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का कार्य किया है.

दुर्ग में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन: पूर्व सीएम भूपेश बघेल के ठिकानों पर हुई ईडी की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस ने दुर्ग में विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस ने राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया. कांग्रेस के पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि बीजेपी दुर्भावनापूर्ण कार्य कर रही है और कांग्रेस नेताओं की बढ़ती लोकप्रियता से भयभीत होकर इस तरह की कार्रवाई कर रही है. ईडी की कार्रवाई पर विरोध जताते हुए कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता दुर्ग के पटेल चौक पर सैकड़ों की संख्या में जुटे और बीजेपी सरकार का पुतला दहन किया. इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई. दूसरी तरफ बीजेपी इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवश्यक कदम बता रही है.

बीजापुर में भी प्रदर्शन : बीजापुर में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार पूर्व सीएम भूपेश बघेल के घर हुई ईडी की कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन हुआ. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी का पुतला फूंका. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार और ED जानबूझकर सत्ता का दुरुपयोग करते हुए कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. जो लोकतंत्र के खिलाफ है.जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बदले की राजनीति से प्रेरित होकर कांग्रेस पार्टी के नेताओं को परेशान करने की नियत से देश की संवैधानिक संस्था ED का दुरुपयोग कर रही है, जो कि लोकतंत्र के खिलाफ है.

बलरामपुर में भी विरोध प्रदर्शन : बलरामपुर में भी ईडी की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं नया बस स्टैंड चौक पर ईडी का पुतला दहन किया गया. पुतला दहन को रोकने के लिए पुलिस के जवान भी तैनात रहे. कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पुतला दहन करते हुए ईडी और बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की. बलरामपुर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी के मुताबिक जब भी हम विपक्षी सवाल पूछना चाहते हैं तो इन लोग बताने में असमर्थ हो जाते हैं. कुछ दिनों पहले पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के यहां ईडी को भेज दिया गया क्योंकि उन्होंने सवाल किया था. भूपेश बघेल ने दो दिन पहले कुछ सवाल पूछे थे वो लोग सवाल का जवाब नहीं दे पाए तो खुन्नस निकालने के लिए द्वेष की भावना से भूपेश बघेल के यहां ईडी भेज दिया गया.

क्यों कांग्रेस कार्यकर्ता कर रहे विरोध ? :आपको बता दें कि सोमवार को ईडी की टीम ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के घर पर छापामार कार्रवाई की थी. 11 घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान ईडी के अफसरों को भारी विरोध का सामना करना पड़ा था. छापामारी के बाद ईडी की टीम कैश और दस्तावेज लेकर लौट गई. जिसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हैं. कांग्रेसियों ने आरोप लगाए हैं कि बीजेपी के इशारे पर ईडी कार्रवाई कर रही है.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button