संपादकीय

टकराव बढ़ेगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने रविवार सुबह भले यह दावा किया हो कि ईरान की तीन अहम न्यूक्लियर साइट्स को पूरी तरह तबाह कर दिया गया है, लेकिन हकीकत में इस संघर्ष में सीधे कूदकर उन्होंने अनिश्चितता बढ़ा दी है। यहां से इसी बात की आशंका ज्यादा है कि अब टकराव और भयानक होगा।

बातचीत का रास्ता बंद: इस हमले से दो दिन पहले वाइट हाउस ने बताया था कि इस्राइल-ईरान संघर्ष में शामिल होने को लेकर कोई भी फैसला दो हफ्ते में लिया जाएगा। तब इससे यही कयास लगे थे कि ट्रंप ने तेहरान के सामने बातचीत का भी रास्ता खुला रखा है। लेकिन, इस कार्रवाई से लगता है कि कूटनीति के लिए जगह नहीं बची। वार्ता का विकल्प खत्म होना किसी के हक में नहीं है।

अनिश्चित लक्ष्य: इस्राइल और अमेरिका दो प्रमुख लक्ष्य के साथ इस संघर्ष में उतरे हैं – ईरान के परमाणु कार्यक्रम का पूरी तरह से खात्मा और सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के शासन का अंत। हालांकि यह अब भी नहीं कहा जा सकता कि अमेरिकी दखल के बावजूद इनमें से कोई भी लक्ष्य पूरा होने के करीब पहुंच गया हो। और इस बात का अंदाजा भी कोई नहीं लगा सकता कि इसमें कितना वक्त लगेगा। तो यह सवाल रह जाता है कि एक दिन पहले तक शांति के नोबेल की बात कहने वाले ट्रंप ने इस अटैक से क्या हासिल किया?

हमलों का डर: अमेरिकी एक्शन ने संघर्ष की आग को भड़काने के लिए ईंधन दे दिया है। कतर, बहरीन, कुवैत, इराक, UAE समेत पश्चिम एशिया के कई देशों में अमेरिका के सैन्य ठिकाने हैं। ईरान ने इन्हें निशाना बनाने की चेतावनी दी थी। अगर वह इस पर अमल करता है तो युद्ध और फैलेगा। इन सभी जगहों को किसी हमले से पूरी तरह सुरक्षित रखना अमेरिका के लिए भी संभव नहीं।

आर्थिक पहलू: इस टकराव को लेकर शुरू से सबसे बड़ी आशंका जताई जा रही है ऑयल सप्लाई को लेकर। ईरान के पास दुनिया के सबसे अहम तेल मार्ग – Strait of Hormuz की कुंजी है। यहां थोड़ा-सा भी अवरोध डगमगाती ग्लोबल इकॉनमी के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण ऑयल व नैचुरल गैस सप्लाई पर पहले से दबाव है और शायद वह और दबाव न झेल पाए।

धुंधलाती उम्मीद: एक के बाद एक, महामारी और युद्धों से जूझ रही दुनिया को स्थायित्व और शांति की जरूरत थी, लेकिन डर है कि अमेरिकी हमले ने ऐसी किसी उम्मीद को फिलहाल खत्म कर दिया है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button