राजनीति

पूरे देश में फैलेंगे कॉकरोच, अभिजित दिपके के घर पर आज बड़ी बैठक, CJP के ऑल इंडिया लेवल पर विस्तार की प्लानिंग

मुंबई: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के घर बुधवार को अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी, संगठन के विस्तार पर चर्चा होगी और भविष्य की रणनीति तय की जाएगी। हालांकि दिपके ने साफ किया है कि फिलहाल संगठन को राजनीतिक पार्टी में बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं है और CJP सामाजिक आंदोलन के रूप में ही काम करता रहेगा। अभिजीत दिपके ने बताया कि बैठक की शुरुआत जंतर-मंतर प्रदर्शन की समीक्षा से होगी। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं और प्रतिभागियों से फीडबैक लिया जाएगा ताकि भविष्य के कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाया जा सके। इसके अलावा संगठन की टीम बढ़ाने और देश के विभिन्न राज्यों में CJP की मौजूदगी मजबूत करने पर भी चर्चा होगी।

राजनीतिक पार्टी बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं

दिपके ने कहा कि आंदोलन अब केवल महाराष्ट्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की दिशा में काम किया जाएगा। CJP के राजनीतिक दल बनने की अटकलों को खारिज करते हुए दिपके ने कहा कि संगठन के भीतर फिलहाल ऐसी कोई चर्चा नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों की राय है कि CJP को सामाजिक आंदोलन के रूप में ही आगे बढ़ाया जाए और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाई जाए।

RSS प्रमुख की टिप्पणी पर क्या बोले दिपके

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत की ‘जेन Z’ से संवाद करने पर प्रतिक्रिया देते हुए दिपके ने इसे सकारात्मक शुरुआत बताया। उन्होंने दावा किया कि युवाओं के आंदोलन ने वरिष्ठ नेताओं को नई पीढ़ी से संवाद करने के लिए मजबूर किया है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं ने मोहन भागवत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी सांसदों जैसे नेताओं को जेन Z से बात करने के लिए प्रेरित किया है। हालांकि उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि युवाओं से बेहतर संवाद के लिए नए, युवा और शिक्षित चेहरों को आगे लाया जाना चाहिए, क्योंकि नई पीढ़ी वरिष्ठ नेताओं से खुद को आसानी से जोड़ नहीं पाती।

बातचीत से ही निकलता है समाधान

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल की इस टिप्पणी से सहमति जताते हुए कि बातचीत से समस्याओं का समाधान निकलता है, दिपके ने कहा कि संवाद ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है। उन्होंने कहा कि हम जंतर-मंतर पर भी बातचीत के लिए बैठे थे। जैसे ही हमारी जेपी नड्डा से बातचीत हुई, समाधान निकल आया और इस्तीफे की नौबत आ गई।

सौरव दास पहुंचे महाराष्ट्र

इस बीच सीजेपी की चीफ स्पोक्सपर्सन सौरव दास महाराष्ट्र पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि हमसे सवाल पूछे गए थे कि प्रदर्शन की सफलता के बाद यह मूवमेंट कहां जाएगा और हम सब इसी के आसपास स्ट्रैटेजी बनाने आए हैं। हम इस पर चर्चा करेंगे और सोचेंगे कि इसे ग्रासरूट लेवल तक कैसे ले जाएं। जब हम 6 अगस्त को कुछ ठोस लेकर आएंगे, तो हम अपनी आगे की स्ट्रैटेजी के बारे में सबको बताएंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button