छत्तीसगढ़

सीएम साय ने चुनावी नतीजों को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- बीजेपी ने कांग्रेस के बड़े-बड़े सूरमा को चूरमा बना दिया

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज गुरुवार को भाजपा के चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा किलोकसभा चुनाव में कांग्रेस के बड़े-बड़े सूरमा को हमारे प्रत्याशियों ने चूरमा बना दिया। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को पटखनी देकर और चार-चार पूर्व मंत्रियों को हराकर हमारे प्रत्याशी आए हैं। मैं सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ। चुनाव में जनता के आशीर्वाद से मिली ऐतिहासिक जीत के बाद जिम्मेदारी और बढ़ गई है। जिस पर हम सबको खरा उतरना है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली और केंद्र में भी एनडीए गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर छत्तीसगढ़ की जनता की मुहर है। इस ऐतिहासिक परिणाम के लिए प्रदेश की जनता को धन्यवाद, बधाई एवं शुभकामनाएं।

भाजपा कार्यकर्ताओं का किया धन्यवाद

सीएम साय ने भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए कहा कि तपती गर्मी में पार्टी के कार्यकर्ता, संगठन के पदाधिकारी, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं सदस्यों के कठिन परिश्रम की बदौलत हमें ऐतिहासिक परिणाम प्राप्त हुए हैं। इसके लिए सभी को बहुत-बहुत बधाई एवं धन्यवाद देता हूँ। पड़ोसी राज्य झारखंड और ओडिशा की जीत का श्रेय राज्य के मंत्रियों, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को देते हुए उन्होंने कहा, कि सबके अथक मेहनत से हमनें दोनों राज्यों में भाजपा का परचम लहराया है।

ओडिशा-झारखंड में जीत पर सीएम साय:

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा ने 54 सीटों के साथ 46 प्रतिशत वोट प्राप्त किये थे और अब लोकसभा चुनाव में 6 प्रतिशत वोटों की वृद्धि हुई है, जिससे कि 68 विधानसभा सीटों में हमें जीत प्राप्त हुई है। इस पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार है और अब लोकसभा में जनता ने प्रचंड जीत दिलाकर बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। पड़ोसी राज्य ओडिशा और झारखंड में भाजपा की जीत पर उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों में आयोजित जनसभा के दौरान मुझे मंच में आधे से ज्यादा हमारे छत्तीसगढ़ के नेताओं की मौजूदगी नजर आती थी। सबके प्रयासों से दोनों राज्यों में भाजपा इस मुकाम पर पहुंची है।

विष्णु देव साय ने कहा कि ओडिशा के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के साथ हमारी सरकार बन रही है। राज्य में लोकसभा और विधानसभा के ऐतिहासिक जनादेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर मुहर लगायी है। वहां 25 साल सत्ता में रहे मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को दोनों सीट में हराने में भारतीय जनता पार्टी कामयाब हुई है। जहाँ-जहाँ हमारे छत्तीसगढ़ के नेता, मंत्री, कार्यकर्ता प्रचार के लिए गए थे वहां-वहां भारतीय जनता पार्टी को अच्छी सफलता मिली है।

सभी जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना है : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जब छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव हुआ था तो उस समय के एक्जिट पोल में भाजपा को कम सीटे मिलती बताई जा रही थी, लेकिन प्रदेश की जनता ने भाजपा को अपना भरपूर समर्थन और आशीर्वाद देते हुए प्रदेश की 54 विधानसभा सीटों पर छत्तीसगढ़ में एक मजबूत सरकार बनाने का जनादेश दिया।

प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान किए अपने सभी वादों को प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में तेजी के साथ पूरा कर रही है। अब हमें केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना है, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदेश में अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी मिल सके।

उन्होंने आगे कहा कि पहले मिथक बन चुका था कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस का गढ़ बन गया है लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के कठोर परिश्रम और छत्तीसगढ़ की जनता ने उस मिथक को तोड़ दिया और भाजपा अब पंचायत, नगरीय निकाय सहित विधानसभा एवं लोकसभा मैं भी अपना परचम लहरा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने चुनाव प्रबंधन समिति के सभी लोगों को कुशल चुनाव प्रबंधन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दी है।

मोदी के नेतृत्व में एनडीए की मजबूत सरकार देश को विकसित बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी : अजय जम्वाल

इस मौके पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने चुनाव प्रबंधन समिति को संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा को अर्जित सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि आप सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने चुनाव में जो अनथक परिश्रम किया है, यह सब उसी का प्रतिफल है। आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से हम सब एक बार फिर देश में एनडीए की सरकार बनाने में सफल हुए हैं। जम्वाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने के लिए देश विरोधी ताकतों ने तो जी-तोड़ कोशिशें खूब की लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम के आगे वे ताकतें सफल नहीं हुईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर देश तेजी से विकास करेगा और एनडीए की मजबूत सरकार देश को विकसित बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

कार्यकर्ताओं की मेहनत से मिले 52.5 प्रतिशत वोट : शिवरतन शर्मा

भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक शिवरतन शर्मा ने चुनाव प्रबंधन समिति के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को लोकसभा चुनाव में शानदार सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि भाजपा ने चुनाव की सफलता के लिए 38 प्रकार की समितियाँ बनाई थीं और चुनाव में उन समितियों ने पूरे समर्पण के साथ काम करके प्रदेश की 11 में से 10 सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित की। शर्मा ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा दिया गया लक्ष्य लोकसभा चुनाव में भाजपा ने प्राप्त किया है। हमें 51 प्रतिशत वोट पाने का लक्ष्य दिया गया था और आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से हमने छत्तीसगढ़ में 52.5 प्रतिशत वोट प्राप्त किया यानी कि विधानसभा चुनाव से 6 प्रतिशत ज्यादा वोट भाजपा को प्राप्त हुआ। कांग्रेस के ज्यादातर प्रत्याशी 2018-23 के बीच मंत्री रहे, वे भी लोकसभा चुनाव में पराजित हुए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित उनके साथ सरकार में मंत्री रहे अन्य लोग भी बुरी तरह पराजित हुए हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने एक्सीडेंटल जीत हासिल की थी जिसे प्रदेश की जनता ने 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें सत्ता से बेदखल कर नकार दिया। शर्मा ने कहा कि 2024 के कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए को 293 सीटें प्राप्त हुई हैं और अब 10 निर्दलीय सांसदों ने भी अपना समर्थन देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को मजबूत करने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी एक समय 415 सीटों पर होती थी जो आज 99 सीटों में ही सिमटकर रह गई है। 1984 में भारतीय जनता पार्टी में 6 प्रतिशत वोट प्राप्त किए थे जो आज बढ़कर 2024 में 36 प्रतिशत हो गया है और 56 प्रतिशत से ज्यादा वोट पाने वाली कांग्रेस पार्टी आज 21 प्रतिशत वोट पाकर सिमट गई है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button