CM साय ने प्रदेश की खुशहाली के लिए भोरमदेव में की पूजा, पुष्प वर्षा कर हजारों कावड़ियों का किया स्वागत, डिप्टी सीएम शर्मा भी रहे मौजूद

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज प्रदेश के प्राचीन और ऐतिहासिक स्थल बाबा भोरमदेव मंदिर में सावन मास के अवसर पर प्रदेश की खुशहाली के लिए भोरमदेव में की पूजा. CM साय ने हजारों कावड़ियों का हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया. इस आयोजन में मुख्यमंत्री साय ने हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ कावड़ियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया और उनका हौसला बढ़ाया. मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी कावड़ियों का अभिनंदन किया.
यह छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार हुआ है, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री ने स्वयं हेलीकॉप्टर से शिवभक्त कावड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया. मुख्यमंत्री साय ने इस अद्वितीय मौके पर भोरमदेव बाबा भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक भी किया, जिसमें उन्होंने प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली की कामना की. मुख्यमंत्री साय और उपमुख्यमंत्री शर्मा ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से मुलाकात की और भंडारा स्थल पर पहुंचकर अपने हाथों से श्रद्धालुओं को खीर, पुड़ी, चावल और प्रसाद वितरित किया. इस दौरान पंडरिया विधायक भावना बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुशीला राम कुमार भट्ट, जनपद अध्यक्ष इंद्राणी चंद्रवंशी, पूर्व विधायक अशोक साहू, और नगर पंचायत अध्यक्ष मनहरण कौशिक ने भी बाबा भोरमदेव भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया.



