मसीह समाज और गौसेवकों ने पशु क्रुरता रोकने का लिया संकल्प, हड्डी गोदामों-पशु मेले पर लगी रोक

बलौदाबाजार. जिले में पशुओं खासकर गौमाता के विरूद्ध हो रहे अत्याचार, तस्करी, व अमानवीय व्यवहार से लोगों में आक्रोश फैल रहा था. इसके चलते किसी भी समय विकट स्थिति उत्पन्न हो सकती थी. इसे देखते हुए कलेक्टर दीपक सोनी, एसपी विजय अग्रवाल ने विशेष पहल की. उन्होंने विश्व हिंदू परिषद, गौ सेवक व मसीह समाज के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की और एक सौहारर्द्रपूर्ण वातावरण में सामाजिक समरसता, भाईचारा और शांति कायम करने की पहल की. इसमें एक बड़ी सफलता मिली.
आज विश्व हिन्दू परिषद व गौ सेवकों की अगुवाई में विश्रामपुर में मसीह समाज के पदाधिकारियों के साथ समाज जनों ने बैठक की और सभी ने गौमाता की तस्करी रोकने, गौमांस व नशे के सामान की बिक्री कर अशांति का वातावरण फैलाने वाले आसामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर प्रशासन को सहयोग देने का संकल्प लिया. इस अवसर पर गौ सेवक छत्तीसगढ़ प्रमुख ओमेश बिसेन, विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष अभिषेक तिवारी, ईसाई समाज के नितिन लारेंस सहित बड़ी संख्या में समाज के पादरियों के साथ समाज के लोग उपस्थित थे.
गौ सेवक के रायपुर छत्तीसगढ़ प्रमुख ओमेश बिसेन ने बताया कि गौ तस्करी में गणेशपुर व विश्रामपुर का नाम सामने आ रहा था, जिसमें सौहार्द व शांति का वातावरण दूषित हो रहा था. इसे लेकर आज समाज के प्रमुखों व सामाजिक लोगों के साथ बैठक हुई, जिसमें सभी ने संकल्प लिया और गौ तस्करी सहित गौमांस बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की बात कही. विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने बताया कि जिले में गौमांस की बिक्री व गौ तस्करी का मामला आ रहा था, जिसमें आज विश्व हिन्दू परिषद की अगुवाई में विश्रामपुर में मसीह समाज के लोग इकट्ठा हुए और संकल्प लिया कि इस तरह के अनैतिक काम करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई में हम प्रशासन का साथ देंगे और गौमाता की रक्षा करेंगे. मसीह समाज के नितिन लारेंस ने कहा कि बहुत अच्छा पहल हुआ है. इससे समाज में शांति स्थापित होगा और एक सौहार्द स्थापित होगा. अनैतिक काम करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई में समाज प्रशासन का साथ देगा.



