छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने 63 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया ऐलान, बनेगा कुंजारा-तोलगे-मिलूपारा रोड

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 11 अक्तूबर को रायगढ़ जिले के दौरै पर रहे. यहां वे लैलूंगा विकासखंड के ग्राम झगरपुर में कोलता समाज की ओर से आयोजित श्री श्री रणेश्वर रामचंडी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए. यहां उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद 63 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा की. साथ ही कहा कि, हमारी सरकार सुशासन और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्ध है.

आत्मिक शांति का अनुभव: कार्यक्रम का आयोजन स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झगरपुर परिसर में किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि झगरपुर की इस पावन भूमि पर आकर उन्हें आत्मिक शांति का अनुभव हुआ है. यह मंदिर न केवल श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि समाज की सांस्कृतिक चेतना और एकता का भी सशक्त प्रतीक है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आत्मा उसकी संस्कृति और परंपराओं में बसती है. जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं ईश्वर का वास होता है. उन्होंने माता-पिता को सच्चा ईश्वर बताते हुए कहा कि यदि माता-पिता प्रसन्न हैं तो सभी देवी-देवता प्रसन्न रहते हैं. मुख्यमंत्री ने सभी से अपने घर के बड़ों के प्रति सम्मान और सेवा-भाव बनाए रखने का आग्रह किया.

गिनाई सरकार की उपलब्धि: मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है. इसके लिए ई-गवर्नेंस की शुरुआत हो चुकी है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सतत कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि सरकार बनने के 18 से 19 माह के भीतर प्रधानमंत्री मोदी की अधिकतर गारंटियों को पूरा किया गया है. किसानों को दो साल का बकाया बोनस दिया गया, धान खरीदी की सीमा 15 क्विंटल से बढ़ाकर 21 क्विंटल प्रति एकड़ की गई और समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया.

महिलाओं को प्रति माह 1 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है. 18 लाख प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत किए गए हैं. भूमिहीन मजदूर सहायता योजना, तेंदूपत्ता खरीदी 5,500 रुपए प्रति मानक बोरा, रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जैसी योजनाएं जनहित में संचालित की जा रही हैं.- विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री

PM ने शुरू की किसानों से जुड़ी 2 योजनाएं: मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संसाधनों से समृद्ध राज्य है. जनसहयोग और संसाधनों के सही उपयोग से हम विकास के नए अध्याय लिख रहे हैं. छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ यह केवल नारा नहीं, बल्कि हमारी कार्य संस्कृति है. PM ने 35 हजार 440 करोड़ रुपए के लागत वाली दो प्रमुख योजनाओं की शुरुआत की है. ये योजनाएं प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना और दलहन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता मिशन है. ये देश के किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं.

जनता का विश्वास हमारी पूंजी: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, कृषि उत्पादन वृद्धि और ग्रामीण समृद्धि के लिए सतत प्रयास जारी हैं. उन्होंने बताया कि भूमि रजिस्ट्री व्यवस्था में सुधार कर शासन प्रणाली में नई पारदर्शिता और जवाबदेही लाई गई है. उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है.

मुख्यमंत्री ने की अहम घोषणाएं

  • झगरपुर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपए
  • विकासखंड मुख्यालय लैलूंगा में कोलता समाज के सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख रुपए
  • कुंजारा–तोलगे–मिलूपारा मार्ग निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपए
  • वार्ड क्रमांक 5 पटेलपारा के बीच नदी में स्टॉप डैम कम कॉजवे के लिए 2.5 करोड़ रुपए
  • लैलूंगा–कुंजारा से गमेकेला में खारुन नदी पुलिया निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपए
  • वार्ड 11 में शासकीय कन्या हाईस्कूल के नवीन भवन निर्माण की घोषणा

वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने क्या कहा: कार्यक्रम में मंत्री ओपी चौधरी भी शामिल हुए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पदभार ग्रहण करने के मात्र 12 दिन बाद ही 13 लाख किसानों को 3,716 करोड़ रुपए बोनस का भुगतान कर दिया. छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की भूमि है और प्रभु श्रीराम इस धरती के भांजा हैं. यही हमारी सांस्कृतिक पहचान और गर्व है. लैलूंगा और आसपास के क्षेत्रों की आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री पूरी तरह वाकिफ हैं.

कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन जिला पंचायत सदस्य बृजेश गुप्ता ने किया, जिन्होंने कोलता समाज की ऐतिहासिक परंपराओं और 120 उपजातियों की एकता की जानकारी दी. कार्यक्रम के समापन पर रत्थूलाल गुप्ता ने मुख्यमंत्री और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, पूर्व विधायक सत्यानंद राठिया, सुनीति राठिया समेत कई लोग शामिल हुए.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button