छत्तीसगढ़

CG – ACB की बड़ी कार्रवाई, नायब तहसीलदार को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार, कार्रवाई से मचा हड़कंप…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ एन्टी करप्शन ब्यूरो ने बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई की है। बिलासपुर जिले के सीपत तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते एसीबी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी नायब तहसीलदार के खिलाफ फौती दर्ज करने के एवज में रिश्वत लेने का गंभीर आरोप है।

इस कार्रवाई के संबंध में एसीबी बिलासपुर के डीएसपी अजितेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम बिटकुला निवासी किसान प्रवीण पाटनवार ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि उसकी मां के नाम पर दर्ज 21 एकड़ कृषि भूमि की फौती दर्ज कर नामांतरण करने के लिए नायब तहसीलदार ने उससे 1 लाख 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। एसीबी ने शिकायत की गुप्त रूप से सत्यापन किया, जिसमें भ्रष्टाचार की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाकर शिकायतकर्ता को पहली किश्त के रूप में 50,000 रुपये देने निर्देशित किया।

सोमवार को शिकायतकर्ता पूर्व निर्धारित योजना के तहत एनटीपीसी सीपत स्थित कॉफी हाउस पहुंचा और नायब तहसीलदार को 50,000 रुपये दिए। जैसे ही रिश्वत की रकम अधिकारी ने अपने कब्जे में ली, एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।ACB की टीम ने आरोपी से रुपये बरामद कर लिए और मौके पर ही आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button