छत्तीसगढ़

CG-चाकू बाजी से फिर थर्रा उठी राजधानी, दो युवकों की चाकू मारकर हत्या, एक की हालत नाजुक

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

महादेव घाट रोड में हुई पहली घटना

पहली घटना महादेव घाट रोड की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार टिकेंद्र ने सुमीत बाजार के सामने कैलाश को रोक लिया और कथित तौर पर बिना किसी बातचीत के चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान कैलाश ने चाकू छीन लिया और टिकेंद्र पर वार कर दिया। इस घटना में टिकेंद्र की मौत हो गई। घायल कैलाश को गंभीर हालत में उपचार के लिए एम्स रायपुर भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

चंगोराभांठा में हुई दूसरी घटना

वहीं दूसरी घटना श्रीराम नगर, चंगोराभांठा में हुई। जानकारी के मुताबिक, 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

5 आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद डीडी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंगोराभाटा की वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें कुछ नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। दोनों मामलों में बीएनएस की हत्या और बलवा सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनाओं के कारण, आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button