राष्ट्रीय

कालाबाजारी ने बढ़ाई रसोई गैस सिलिंडरों की किल्लत, यूरिया उत्पादन बंद; हजारों होंटलों पर लगे ताले

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के बार-बार स्पष्ट करने के बावजूद रसोई गैस की किल्लत को लेकर व्याप्त आशंकाएं दूर नहीं हो रही हैं। सरकार के तमाम प्रयासों पर अफवाहें भारी पड़ रही हैं। कालाबाजारी और जमाखोरी के कारण कुछ जगहों पर रसोई गैस सिलिंडरों की कमी का असर दिखने लगा है।

दिल्ली हाई कोर्ट की कैंटीन में खाना देना बंद कर दिया गया है। अयोध्या में निशुल्क भोजन कराने वाली राम रसोई मंगलवार को घंटा भर पहले ही बंद करनी पड़ी थी। बुधवार को इसे अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया।

भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) ने सभी कैटरिंग यूनिट को माइक्रोवेव व ‑इंडक्शन जैसे विकल्प रखने के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश में घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी के कारण कृत्रिम किल्लत पैदा हो रही है, जिसकी वजह से गैस के लिए लंबी कतार दिख रही है।

फिरोजाबाद के कांच उद्योग पर भी इसका असर पड़ने लगा है। उप्र ग्लास मैन्यूफैक्चरर्स सिंडीकेट ने उत्पादन घटाने का निर्णय लिया है। बुधवार से कांच की बोतल बनाने वाले आटोमैटिक कारखानों और चूड़ी के टैंक फर्नेश कारखानों में 30-40 प्रतिशत तक उत्पादन घटा दिया। चूड़ी के पाट फर्नेश कारखाने वाले उद्यमियों में असमंजस की स्थिति बनी है।

उद्यमियों का कहना है कि गैस कोटा में कटौती के बाद उन्हें स्पाट आरएलएनजी गैस का अधिक उपयोग करना पड़ेगा। इससे गैस का नया बिल 60–70 रुपये प्रति घनमीटर तक पहुंचने की संभावना है, जबकि पहले यह 35–36 रुपये प्रति घनमीटर की दर से मिल रही थी।

पंजाब में गैस संकट का मुद्दा बुधवार को विधानसभा में भी गूंजा

पंजाब में गैस संकट का मुद्दा बुधवार को विधानसभा में भी गूंजा। बजट सत्र के दौरान खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मंत्री लालचंद कटारूचक ने केंद्र सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश किया, जिस पर गुरुवार को बहस होगी। राज्य में कामर्शियल सिलिंडर की सप्लाई लगभग ठप है। घरेलू सिलिंडरों की बुंकिग भी बंद हो गई है। नंगल और बठिंडा में एनएफएल के प्लांट में गैस की कमी के कारण यूरिया उत्पादन बंद हो गया है।

बिहार में गैस एजेंसियों के कार्यालयों में उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ रही है। मध्य प्रदेश में इंदौर समेत कई जगहों पर बुधवार को एजेंसियों के कार्यालयों पर हंगामा होता रहा। भोपाल में बुकिंग सिस्टम क्रैश होने से लोग परेशान दिखे। राज्य सरकार ने गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी व जमाखोरी से निपटने के लिए सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिया है।

उत्तराखंड के अधिकतर जिलों में रसोई गैस के लिए कतारें लगने लगी हैं। देहरादून में कालाबाजारी रोकने के लिए 65 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 37 सिलिंडर जब्त किए गए।

जम्मू-कश्मीर प्रशासन का दावा है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल या गैस की किसी तरह की कोई किल्लत नहीं है, लेकिन कई जगहों पर मुनाफाखोरी की शिकायतें मिलीं। हिमाचल प्रदेश में व्यावसायिक सिलेंडरों की किल्लत से होटल, रेस्तरां और उद्योगों में कामकाज प्रभावित हो रहा है।

छत्तीसगढ़ में 70 प्रतिशत होटलों में रसोई बंद

छत्तीसगढ़ में गैस की आपूर्ति बाधित होने से होटल और रेस्तरां कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो गया है। बुधवार को करीब 70 प्रतिशत होटलों ने खाना बनाने का काम अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। कामर्शियल गैस सिलिंडर 5,000 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं।

रायपुर के मालवीय रोड स्थित गुजराती होटल के संचालक महेश खिलोशिया ने बताया कि नियमित गैस सप्लाई नहीं होने के कारण रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। कुछ मैरिज हाल संचालकों का कहना है कि विवाह और अन्य समारोह भी प्रभावित हो सकते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button