राजनीति

Bihar Politics: नीतीश आज देंगे इस्तीफा, दोपहर 3.30 बजे 9वीं बार सीएम पद की लेंगे शपथ; जेपी नड्डा पहुंच रहे पटना

Bihar Politics: बिहार में रविवार (28 जनवरी) को बड़ा खेल होने वाला है. नीतीश कुमार का महागठबंधन छोड़ना एक दम तय हो चुका है. नीतीश कुमार रविवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले हैं. सूत्रों ने बताया है कि नीतीश कुमार ने राज्यपाल से रविवार सुबह मुलाकात के लिए समय मांगा है. आज सुबह 10 बजे जेडीयू की विधायक दल की बैठक होने वाली है. विधायक दल की बैठक के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे. दोपहर 3.30 बजे नई सरकार का शपथ ग्रहण होने वाला है.

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा दोपहर 3 बजे पटना पहुंच रहे हैं. उनके साथ चिराग पासवान भी पटना आ रहे हैं. बीजेपी की भी पटना में बैठक होने वाली है. इसमें बीजेपी सांसद, विधायक और पदाधिकारी हिस्सा लेंगे. नीतीश कुमार के पास 9वीं बार सीएम पद की शपथ लेने का मौका है. वहीं, बिहार में महागठबंधन का भविष्य अधर में लटका हुआ है. अभी तक आरजेडी की तरफ से इस पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है. माना जा रहा है कि वह नीतीश के कदम उठाने के बाद ही अपनी चाल चलने वाली है.

वहीं, जेडीयू की एक अनौपचारिक बैठक से निकले विधायकों ने संकेत दिया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में वापसी रविवार को हो सकती है. इससे पहले एक बैठक होने वाली है, जिसमें प्रस्ताव पेश किया जाएगा. नीतीश कुमार के बीजेपी में जाने की कई दिनों से चर्चाएं चल रही थीं. ऐसे में आइए जानते हैं कि शनिवार के दिन बिहार के सियासी घटनाक्रम को लेकर दिल्ली से पटना तक क्या-क्या हुआ और अब रविवार को राज्य की राजनीति से क्या उम्मीद है.

नीतीश ने शनिवार को क्या-क्या किया?

नीतीश कुमार के डेढ़ साल के भीतर फिर से पाला बदलने की वजह से हर किसी की निगाहें उन पर ही रहीं. बिहार सीएम ने महागठबंधन के नेताओं से दूरी बनाई, मगर वह सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल हुए. दिन की शुरुआत नीतीश ने पटना के पशु चिकित्सा कॉलेज मैदान में कई नए फायर ब्रिगेड इंजनों को हरी झंडी दिखाकर की. इसके बाद उन्होंने एक प्रसिद्ध मंदिर के सौंदर्यीकरण परियोजना के उद्घाटन के लिए बक्सर का दौरा किया.

ये परियोजना डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के अंतर्गत आने वाले पर्यटन विभाग से जुड़ी हुई थी. हालांकि, वह बक्सर नहीं आए. उद्घाटन के समय बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे जरूर नजर आए. चौबे बक्सर से सांसद हैं. पटना लौटने पर जेडीयू के टॉप नेताओं ने नीतीश कुमार के घर पहुंचना शुरू कर दिया. बताया गया कि यहां पर नीतीश के नेतृत्व में बीजेपी के साथ जाने और महागठबंधन से अलग होकर नई सरकार बनाने को लेकर चर्चा की गई.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button