दिल्ली के ट्रैफिक को लेकर बड़ी खबर, कई रूट रहेंगे बंद

राष्ट्रीय राजधानी में आज रविवार (12 अप्रैल) को डॉ. बी.आर. अंबेडकर जयंती से पहले आयोजित ‘मैं भी अंबेडकर’ मैराथन के कारण सुबह 6:30 बजे से 11 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. Delhi Traffic Police ने यात्रियों को पहले से योजना बनाकर निकलने की सलाह दी है ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके.
इन प्रमुख सड़कों पर दिखेगा असर
मैराथन के चलते महात्मा गांधी मार्ग, इंद्रप्रस्थ मार्ग, ITO चौक, आसफ अली रोड, दिल्ली गेट, शांति वन मार्ग, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, हेमिल्टन रोड, छत्ता रेल चौक, आउटर रिंग रोड, बुलेवार्ड रोड, शमनाथ मार्ग, राजनिवास मार्ग, तारा चंद माथुर मार्ग और यमुना मार्ग सहित कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा. इन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही आंशिक या पूर्ण रूप से बाधित रह सकती है.
इन इलाकों में रहेगा खास डायवर्जन प्लान
आईटीओ, राजघाट, आईएसबीटी, तिस हजारी और मोरी गेट जैसे संवेदनशील जंक्शनों पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जाएंगे. आउटर रिंग रोड, मॉल रोड और अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है. कई जगहों पर बैरिकेडिंग और पुलिस तैनाती के कारण सामान्य यातायात की गति धीमी रह सकती है.
इन रूट्स से होकर ट्रैफिक को किया जाएगा डायवर्ट
श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, चांदगीराम अखाड़ा, खैबर पास, बाबा गोपाल साहिब तालाब रोड, मॉल रोड और आउटर रिंग रोड के जरिए वाहनों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा. वहीं तिस हजारी और शास्त्री पार्क की ओर जाने वाले ट्रैफिक को भी वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा. एमसीडी चौक, यमुना मार्ग और शमनाथ मार्ग से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी विशेष रूट तय किए गए हैं.
32 स्थानों पर बनाए गए डायवर्जन पॉइंट
आई.पी. मार्ग, डीडीयू मार्ग, राजघाट, गद्दा चौक, शांति वन, जामा मस्जिद रोड, हनुमान मंदिर, कालीया पुल, तिस हजारी रेड लाइट, युधिष्ठिर सेतु, आईएसबीटी आउट गेट, मोरी गेट, गुजराती समाज कट, एमसीडी चौक, खैबर पास रेड लाइट, मॉल रोड और दिल्ली गेट सहित कुल 32 स्थानों पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा.
राजघाट से शांति वन रोड और जामा मस्जिद से दिल्ली गेट की ओर जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट कर महात्मा गांधी मार्ग और अन्य रास्तों की ओर भेजा जाएगा. जामा मस्जिद क्षेत्र में यू-टर्न की व्यवस्था भी लागू रहेगी ताकि वाहनों का दबाव कम किया जा सके.
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
लोगों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले रूट की जानकारी जरूर ले लें और अनावश्यक रूप से इन क्षेत्रों में जाने से बचें. सड़क किनारे पार्किंग से बचें क्योंकि इससे ट्रैफिक की गति प्रभावित होती है. साथ ही ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करना जरूरी है ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे.
यात्री ताजा ट्रैफिक अपडेट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और हेल्पलाइन नंबर का उपयोग कर सकते हैं. किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई है.



