राष्ट्रीय

शुभेंदु अधिकारी PA हत्याकांड को लेकर बंगाल STF ने बक्सर से एक को उठाया

बक्सर: बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच कर रही एसटीएफ ने बिहार में दबिश दी। बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयपट्टी के रहने वाले विशाल श्रीवास्तव को अपने साथ कोलकाता ले गई। पश्चिम बंगाल एसटीएफ की एक विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से पांडेयपट्टी इलाके में कार्रवाई की। बंगाल के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या की जांच के सिलसिले बिहार कनेक्शन सामने आया है। एसटीएफ ने यहां से विशाल श्रीवास्तव नाम के एक शक्स को पकड़ा है। विशाल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।

बंगाल एसटीएफ की बक्सर में दबिश

बंगाल एसटीएफ ने बक्सर के मुफस्सिल थाना अंतर्गत पांडेयपट्टी इलाके में अचानक छापेमारी कर विशाल श्रीवास्तव को दबोच लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की कड़ियां विशाल से जुड़ती नजर आ रही हैं। एसटीएफ को संदेह है कि इस हत्याकांड की साजिश या इसके एग्जिक्यूशन से जुड़े महत्वपूर्ण राज विशाल के पास हो सकते हैं। बंगाल एसटीएफ की टीम उसे तुरंत अपने साथ लेकर पश्चिम बंगाल (कोलकाता) रवाना हो गई।

पश्चिम बंगाल की टीम आई थी। उसने छापेमारी कर विशाल को हिरासत में लिया है। उसे पूछताछ के लिए बंगाल ले जाया गया है।

विशाल श्रीवास्तव का आपराधिक रिकॉर्ड

विशाल श्रीवास्तव कोई साधारण अपराधी नहीं है। उसका बक्सर जिले में लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने उसके बारे में कुछ सूचनाएं शेयर की है। बंगाल एसटीएफ को शक है कि चंद्रनाथ रथ मर्डर केस से इसका कनेक्शन है।

  • विशाल के खिलाफ बक्सर के विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
  • इन मामलों में हत्या, आर्म्स एक्ट और गंभीर मारपीट जैसी धाराएं शामिल हैं।
  • लंबे समय से स्थानीय पुलिस की रडार पर था, अब बंगाल पुलिस उठा ले गई।

हत्याकांड के राज उगलवाने की कोशिश

चंद्रनाथ रथ हत्याकांड बंगाल की राजनीति और कानून-व्यवस्था से जुड़ा एक संवेदनशील मामला है। जांच टीम का मानना है कि विशाल से पूछताछ के बाद इस मर्डर मिस्ट्री के पीछे छिपे असली चेहरों और कारणों का खुलासा हो सकता है। हालांकि, पुलिस अभी आधिकारिक तौर पर ये बताने से बच रही है कि हत्याकांड में उसकी सटीक भूमिका क्या थी, लेकिन उसे ‘हिरासत’ में लिया जाना एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

बक्सर एसपी का आधिकारिक बयान

इस पूरे मामले पर बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने पुष्टि की है कि पश्चिम बंगाल की पुलिस एक टीम बक्सर आई थी। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर चंद्रनाथ रथ हत्याकांड का नाम लेने के बजाय ये कहा कि टीम ने छापेमारी कर विशाल को हिरासत में लिया है। एसपी ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बंगाल एसटीएफ उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है और स्थानीय पुलिस इस मामले में सहयोग कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button