राष्ट्रीयअन्य राज्य

व्यवहार ठीक नहीं… लालू यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप को पार्टी ही नहीं, परिवार से भी निकाला

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने रविवार को अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को ‘गैरजिम्मेदाराना व्यवहार’ के कारण छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया और उनके साथ सभी पारिवारिक संबंध भी तोड़ दिए। इसका फैसला पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने ही किया है।

बिहार की राजनीति में बड़ी घटना घटी है। वर्षों तक बिहार की सत्ता में रही पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और इसके मुखिया लालू प्रसाद यादव के परिवार में घमासान मच गया है। लालू ने अपने ही बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को न सिर्फ पार्टी से निकाल दिया बल्कि पारिवारिक रिश्ता भी तोड़ लिया है। लालू ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि उनके बड़े बेटे का आचरण सही नहीं है। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप का व्यवहार पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों से मेल नहीं खा रहा है, इस कारण सामाजिक न्याय की लड़ाई कमजोर पड़ जाती है। ध्यान रहे कि तेज प्रताप यादव की एक सनसनीखेज फेसबुक पोस्ट के अगले दिन ही पिता लालू यादव ने इतना बड़ा फैसला लिया है।

लालू बोले- परिवार से भी दूर करता हूं

लालू प्रसाद ने कहा, ‘ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया जाता है।’

उन्होंने कहा, ‘अपने निजी जीवन का भला-बुरा और गुण-दोष देखने में वह (तेजप्रताप) स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूं। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है।’

छोटे भाई तेजस्वी बोले, ये सब अच्छा नहीं लगता है

वहीं, तेज प्रताप के छोटे भाई और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी अपने बड़े भाई के व्यवहार को गलत बताया। उन्होंने कहा कि ये सब उन्हें अच्छा नहीं लगता है।

बहन रोहिणी ने दिया पिता का साथ

पिता लालू प्रसाद यादव को अपना किडनी देने वाली बेटी रोहिणा आचार्य ने भी अपने भाई को पार्टी और परिवार से निकाले जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पिता की एक्स पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए कहा कि पिता उनके लिए देवता समान हैं।

तेज प्रताप की फेसबुक पोस्ट के अगले दिन ही हुई कार्रवाई

तेजप्रताप यादव ने शनिवार को एक फेसबुक पोस्ट के जरिए सनसनी मचा दी थी। उन्होंने कहा कि वो एक युवती के साथ ‘रिश्ते में’ हैं। हालांकि बाद में उन्होंने दावा किया कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया गया था।

फेसबुक में तेज प्रताप ने अनुष्का यादव का लिया था नाम

फेसबुक पोस्ट में कहा गया था, ‘मैं तेज प्रताप यादव, और मेरे साथ इस तस्वीर में जो दिख रही हैं उनका नाम अनुष्का यादव है! हम दोनों पिछले 12 सालों से एक-दूसरे को जानते हैं और प्यार भी करते हैं। हमलोग पिछले 12 सालों से रिश्ते में हैं।’

हालांकि, सोशल मीडिया पर लोगों को यह बात पसंद नहीं आई और कई लोगों ने तेज प्रताप पर उनकी शादी को लेकर तंज कसा, जो 2018 में काफी धूमधाम से हुई थी। तेज प्रताप ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती ऐश्वर्या से शादी की थी। हालांकि, कुछ ही महीनों के भीतर ऐश्वर्या ने यह आरोप लगाते हुए घर छोड़ दिया कि उनके पति और ससुराल वालों ने उन्हें घर से निकाल दिया है।

इसके बाद, ऐश्वर्या के पिता एवं पूर्व मंत्री चंद्रिका राय ने राजद छोड़ दी और अपनी बेटी की लड़ाई ‘राजनीतिक और कानूनी रूप से’ लड़ने का संकल्प लिया। दंपती की तलाक याचिका यहां परिवार अदालत में लंबित है। तब से दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button