खेल

नेपाल को हराकर सुपर-8 में पहुंचा बांग्लादेश, तनजीम ने झटके 4 विकेट

किंग्सटाउन। तनजीम हसन साकिब सात रन देकर चार विकेट और मुस्तफिजुर रहमान की सात रन देकर तीन विकेट की घातक गेंदबाजी की बदौलत बांग्लादेश ने टी-20 विश्वकप के 37वें मुकाबले में नेपाल को 21 रनों से हराकर सुपर आठ के लिए क्वालीफाई किया। किंग्सटाउन के अर्नोस वेल ग्राउंड में नेपाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। नेपाल के गेंदबाजों ने कप्तान रोहित पॉडेल के फैसले को सही साबित करते हुए बांग्लादेश की पूरी टीम को 19.3 ओवर में 106 के छोटे स्कोर पर समेट दिया। बांग्लादेश के लिए शाकिब अल हसन ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। महमुदउल्लाह (13), जाकेर अली (12), लिटन कुमार दास(10), रिशाद हुसैन (13) रन बनाकर आउट हुए। पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। तस्किन अहमद 12 रन बनाकर नाबाद रहे।

नेपाल की ओर से सोमपाल कामी, दीपेंद्र सिंह ऐरी, रोहित पॉडेल और संदीप लामिछाने ने दो-दो बल्लेबाजों को आउट किया। इसके बाद बांग्लादेश के गेंदबाजों ने 106 रनों के छोटे स्कोर का बचाव अपनी शानदार गेंदबाजी से किया। बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही और तीसरे ओवर में तनजीम ने कुशल भुर्तेल (4) को बोल्ड कर बांग्लादेश को पहली सफलता दिलाई। इसी ओवर में तनजीम ने अनिल साह (शून्य) को आउट कर अपना दूसरा विकेट झटका। पांचवें ओवर में कप्तान रोहित पॉडेल (1) भी तनजीम का शिकार बने। आसिफ शेख (17) रन बनाकर आउट हुए। संदीप जोरा (1) को भी तनजीम ने आउट किया।

एक समय 26 रन पर पांच विकेट गवां कर नेपाल की टीम संकट में आई गई थी ऐसे समय में कुशल मल्ला और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 52 रन की साझेदारी साझेदारी करते हुए नेपाल की मैच में वापसी कराई, लेकिन मुस्तफिजुर रहमान ने 17वें ओवर में मल्ला (27) का विकेट झटकर नेपाल के अरमानों पर पानी फेर दिया। दीपेंद्र सिंह ऐरी (25) रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पांच बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके, और नेपाल की पूरी टीम 19.2 ओवर में 85 रन पर ढ़ेर हो गई। इस जीत के साथ ही बंगलादेश ने सुपर आठ में प्रवेश कर लिया है। तनजीम को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया। बांग्लादेश की ओर से तनजीम हसन साकिब ने चार विकेट लिए। मुस्तफिजुर रहमान को तीन विकेट मिले। शाकिब अल हसन ने दो बल्लेबाजों और तस्किन अहमद ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button