T20 World Cup से बाहर हो सकता है बांग्लादेश, स्कॉटलैंड होगी टूर्नामेंट की नई टीम, आईसीसी जल्द करेगी ऐलान

एजेंसियां— दुबई
टी-20 वल्र्ड कप 2026 के आयोजन से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। बांग्लादेश क्रिकेट टीम का आगामी टूर्नामेंट से बाहर होना अब लगभग तय माना जा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद जल्द ही इसका आधिकारिक ऐलान कर सकती है। इस खाली जगह को भरने के लिए आईसीसी ने स्कॉटलैंड क्रिकेट बोर्ड से बातचीत की है और उन्हें वल्र्ड कप खेलने के लिए तैयार रहने को कहा है। बता दें कि इस पूरे विवाद की जड़ बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड द्वारा भारत में मैच खेलने से इनकार करना है।
टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, बांग्लादेश के ग्रुप स्टेज के मुकाबले कोलकाता और मुंबई में खेले जाने तय थे। हालांकि, बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने स्पष्ट किया है कि भारत में उनके खिलाडिय़ों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बनी हुई हैं, जिसके कारण टीम भारत नहीं जाएगी। बीसीबी ने वेन्यू बदलने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने ठुकरा दिया है।



