अन्य राज्य
श्रीनगर-लेह हाईवे पर हिमस्खलन, सात की मौत

श्रीनगर, कश्मीर के सोनमर्ग में शुक्रवार को अचानक हुए एक बड़े हिमस्खलन (एवलांच) ने इलाके में भारी तबाही मचा दी। यह हादसा श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर स्थित जोजिला पास के ‘जीरो-पॉइंट’ इलाके पर हुआ। इस आपदा में कई कारें चार से छह फुट बर्फ में दब गईं। कार सवार सात लोगों की मौके पर मौत हो गई, वहीं दर्जनों को बचा लिया गया। जानकारी के मुताबिक, अचानक हुए हिमस्खलन के कारण बर्फ की मोटी चादर के नीचे छह से आठ वाहन दब गए थे।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब श्रीनगर से कारगिल और लेह की ओर वाहनों का एक काफिला जा रहा था। तभी जोजिला पास के जीरो-पॉइंट के पास अचानक पहाड़ से बर्फ का एक विशाल हिस्सा नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में कई यात्री वाहन आ गए और पूरी तरह बर्फ में दब गए। आपदा के खबर मिलते ही प्रशासन तुरंत बचाव कार्य में हरकत में आ गया।



