ऑटो चालक की हत्या, पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया

आगरा: यूपी के आगरा जिले के थाना सैंया क्षेत्र में पिछले माह हुई ऑटो चालक विजयपाल की हत्या मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों ने विजयपाल के साथ कथित तौर पर कुकर्म के प्रयास में विफल रहने के बाद वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि विजयपाल के विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर उसके कपड़े उतार दिए और धक्का देकर नाले में गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी।
जानिए क्या है मामला
इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि लादूखेड़ा पेट्रोल पम्प के पास से दो अभियुक्तों विष्णु और अमित शुक्ला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि पिछले माह 14 फरवरी को उन्होंने 300 रुपये में ऑटो रिक्शा किराये पर लिया था। उन्होंने रास्ते में शराब पी और चालक विजयपाल को भी पिलाई।
अभियुक्तों के कब्जे से मृतक का बैग और दस्तावेज बरामद
आरोपियों ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज के पास दोनों ने विजयपाल का यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की और विरोध करने पर विजयपाल की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि घटना के तीन दिन बाद राजस्थान के सीमावर्ती जिले धौलपुर के निवासी हुकुम सिंह ने तहरीर दी कि उनका भाई विजयपाल दो अज्ञात युवकों के साथ ऑटो रिक्शा से गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से मृतक का बैग और दस्तावेज बरामद किए हैं।



