संपादकीय

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर हमले ‘सरकार सुरक्षा प्रबंध बढ़ाए’

वर्ष 2022 में निकाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद अब राहुल गांधी ने 14 जनवरी, 2024 से मणिपुर से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू कर रखी है, जो 20 मार्च, 2024 को मुम्बई में समाप्त होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का आरोप है कि मणिपुर, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के बाद असम पहुंचने पर कुछ मौकों पर भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को रोक लिया। खरगे का कहना है कि इससे राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक स्थिति पैदा हो गई थी और इन घटनाओं के बीच जब-जब भाजपा कार्यकत्र्ता जैड प्लस सुरक्षा प्राप्त राहुल गांधी के निकट आए, तब-तब असम पुलिस मूकदर्शक बनी रही। 

खरगे के अनुसार असम के ‘नगांव’ में कुछ शरारती तत्व लगातार राहुल गांधी के सुरक्षा घेरे को तोडऩे की कोशिश करते रहे। नगांव में सड़क के किनारे एक भोजनालय में भीड़ ने राहुल गांधी को घेर लिया। उनके विरुद्ध नारे लगाए तथा उन्हें ‘अन्याय यात्रा’ जैसे संदेशों वाली तख्तियां भी दिखाईं। खरगे ने यह आरोप भी लगाया कि जब कांग्रेस की यात्रा असम के सोनितपुर जिले में पहुंची तब वहां के स्थानीय पुलिस अधीक्षक, जो असम के मुख्यमंत्री ‘हिमंत बिस्व सरमा’ के भाई हैं, हाथ में पार्टी का झंडा लहराते हुए भाजपा कार्यकत्र्ताओं द्वारा कांग्रेस के काफिले पर किए हमले को किसी मूकदर्शक की तरह देखते रहे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उनके साथ धक्का-मुक्की भी की गई जिस पर उनके सिक्योरिटी गार्ड उन्हें बचा कर बस के अंदर ले गए। कांग्रेस पार्टी की यात्रा पर 48 घंटों में यह दूसरा हमला था। 

भाजपा वर्करों ने कथित रूप से कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के साथ-साथ पार्टी के महासचिव जयराम रमेश से भी झड़प की और उनकी कार पर भी हमला कर दिया। इन लोगों ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के वाहनों पर लगाए हुए पोस्टर भी फाड़ दिए। इस बारे मल्लिकार्जुन खरगे ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख कर राहुल गांधी की सुरक्षा के बार-बार खतरे में पडऩे के दृष्टिïगत उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा है कि यात्रा सुचारू रूप से आगे बढ़े और यात्रा के दौरान ऐसी कोई अनहोनी न हो पाए जिससे राहुल गांधी या भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल किसी कांग्रेसी कार्यकत्र्ता को चोट पहुंचे। और अब 31 जनवरी को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में  ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में राहुल गांधी की कार पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव किए जाने का समाचार है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के अनुसार इस घटना में वाहन की पिछली खिड़की का शीशा भी टूट गया। 

वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि राहुल गांधी की गाड़ी पर पश्चिम बंगाल में नहीं, बल्कि बिहार में हमला किया गया तथा राहुल की गाड़ी के पश्चिम बंगाल में प्रवेश से पहले ही शीशा टूटा हुआ था। इस समय जबकि सभी राजनीतिक दलों द्वारा अपनी चुनावी तैयारियां जोरों पर हैं, ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में इस तरह की घटनाओं से राहुल गांधी तथा उनके काफिले में शामिल नेताओं की सुरक्षा को लेकर प्रश्न उठने से केंद्र सरकार की बदनामी ही होगी। इस तथ्य के दृष्टिगत कि अतीत में राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या हो चुकी है, उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि केंद्र सरकार की प्रतिष्ठा पर किसी प्रकार की आंच न आए।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button