‘भारतीय जहाजों पर हमला बर्दाश्त नहीं’, ट्रंप ने ईरान पर फोड़ा ठीकरा, बातचीत से पहले तेहरान पर लगाए बड़ा आरोप

वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच रविवार को होने वाले संभावित समझौते से ठीक पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का एक बड़ा और बेहद आक्रामक बयान सामने आया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर ईरान को कड़ी चेतावनी दी है और धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया। इसके साथ ही उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास भारतीय जहाजों पर हुए ड्रोन हमले का जिक्र करते हुए ईरान को आड़े हाथों लिया।
भारतीय जहाजों पर हमले को लेकर क्या कहा?
बीते दिनों होर्मुज में भारतीय जहाजों पर हुए हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बड़ा दावा किया। अपने पोस्ट में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए उन्होंने बताया कि बीती रात ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे भारतीय जहाजों को निशाना बनाने की कोशिश की थी।
ट्रंप ने जोर देते हुए कहा कि बीती रात होर्मुज जलडमरूमध्य से निकल रहे भारतीय जहाजों पर ईरान ने जो ड्रोन हमला किया था, जिसे पूरी तरह नाकाम कर दिया गया। ट्रंप इस हमले को लेकर ईरान को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि भारतीय जहाजों पर हमला अब बर्दास्त नहीं। ईरान को अपनी हरकतें सुधारनी होंगी और वह भी बहुत जल्द।
‘लीक हुई शर्तें पूरी तरह झूठी’
राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान द्वारा मीडिया में लीक की गई शर्तों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ईरान ने ‘फेक न्यूज’ को जो शर्तें लीक की हैं, उनका उस समझौते से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है जो लिखित में तय हुआ है। उन्होंने कहा कि ईरान ने डील को लेकर जो भी कमजोर और दयनीय बयानबाजी की है, वह सच्चाई से बिल्कुल परे है।
ईरान के साथ ईमानदारी की उम्मीद बेकार- ट्रंप
इसके अलावा ईरान की कूटनीति पर तीखा हमला करते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान बेहद धोखेबाज है और उसके साथ बातचीत में ईमानदारी जैसी कोई चीज नहीं होती। उन्होंने ईरान के रवैये को बेहद ‘शर्मनाक’ बताया है।
समझिए क्यों बढ़ा विवाद?
गौरतलब है कि इससे पहले ईरान की सरकारी मीडिया ने दावा किया था कि वह समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण नहीं छोड़ेगा। अब डोनाल्ड ट्रंप के इस जवाबी और तीखे हमले ने साफ कर दिया है कि रविवार को होने वाले समझौते से पहले दोनों देशों के बीच कूटनीतिक जंग और ज्यादा हिंसक और आक्रामक मोड़ ले चुकी है।



