Asia Cup का आगाज़ आज से, अफगानिस्तान-टीम हांगकांग के बीच खेला जाएगा पहला मैच

एशिया कप 2025 का आगाज़ मंगलवार से होगा, जिसका पहला मुकाबला अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच आबुधाबी में खेला जाएगा। इस बार यह टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में खेला जा रहा है। मंगलवार को ग्रुप-बी दोनों टीमें जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत का लक्ष्य लेकर उतरेंगी। दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो अफगानिस्तान का पलड़ा हांगकांग पर भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक पांच टी-20 मुकाबले खेले गए हैं। अफगानिस्तान ने तीन मुकाबले जीते हैं, जबकि हांगकांग ने सिर्फ दो मैच अपने नाम किए हैं। यासिम मुर्तजा के नेतृत्व वाली हांगकांग टीम की नजर राशिद खान की अगवाई वाली अफगानिस्तान टीम के खिलाफ रिकॉर्ड में सुधार पर होगी। पिछले संस्करण (2023) का हिस्सा नहीं रही हांगकांग की टीम इस बार टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी। टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों बाबर हयात और अंशुमान रथ पर तेज शुरुआत दिलाने का दारोमदार रहेगा। मिडल ऑर्डर में अनुभवी किंचित शाह बल्लेबाजी की रीढ़ साबित हो सकते हैं और उन्हें मार्टिन कोएत्जी व जीशान अली जैसे बल्लेबाजों से सहयोग की उम्मीद होगी।
गेंदबाजी विभाग में कप्तान यासिम मुर्तजा के साथ निजाकत खान और अहसान खान स्पिन का जिम्मा संभालेंगे, जबकि मोहम्मद वाहिद इकलौते तेज गेंदबाज होंगे। वहीं, राशिद खान की अगवाई वाली अफगान टीम जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करना चाहेगी। अफगानिस्तान के लिए ओपनिंग रहमनुल्लाह गुरबाज और सेदिकुल्लाह अटल करेंगे। वहीं, मिडल ऑर्डर में इब्राहिम जादरान, अजमतुल्लाह ओमरजाई, करीम जनत और डार्विश रसूली खेलते नजर आएंगे। गेंदबाजी विभाग हमेशा की तरह स्पिन पर निर्भर करेगा। राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी अहम कड़ी होंगे, जबकि फजलहक फारूकी एकमात्र विशेषज्ञ तेज गेंदबाज रहेंगे।
हांगकांग— बाबर हयात, अंशुमान रथ (विकेटकीपर), मार्टिन कोएत्जी, जीशान अली, कल्हन चालू, किंचित शाह, अनस खान, यासिम मुर्तजा (कप्तान), मोहम्मद वाहिद, निजाकत खान, एहसान खान।
अफगानिस्तान— रहमनुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, इब्राहिम जादरान, अजमतुल्लाह ओमरजाई, करीम जनत, डार्विश रसूली, मोहम्मद नबी, राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारुकी।



