मध्यप्रदेश

मार्च में ही टूटे सारे रिकॉर्ड! कई शहरों में 39°C पार, मौसम विभाग ने दी 40 डिग्री की चेतावनी

Mp ka Mausam: मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश के कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी है. मौसम विभाग के मुताबिक हवा की दिशा बदलने और वातावरण में नमी कम होने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.

दरअसल, पहले हवाएं उत्तर-पूर्व दिशा से चल रही थीं, लेकिन अब हवा की दिशा बदलकर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है. ये हवाएं रेगिस्तानी इलाकों से होकर आती हैं, इसलिए अपने साथ गर्म हवा भी लेकर आती हैं. इसी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी अचानक बढ़ गई है.

दिन में गर्मी, सुबह-रात में हल्की ठंड
मार्च के महीने में मौसम का मिजाज थोड़ा अलग रहता है. दिन में तेज धूप और गर्मी महसूस होती है, जबकि सुबह और देर रात हल्की ठंडक बनी रहती है. डॉक्टरों का कहना है कि यह मौसम सेहत के लिए थोड़ा संवेदनशील होता है. तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी-जुकाम, एलर्जी और अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह और देर रात की ठंडी हवा से बचकर रहने की सलाह दी जा रही है. मौसम विभाग का कहना है कि 15 मार्च के बाद मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है.

पिछले साल से ज्यादा गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार मार्च के शुरुआती दिनों में ही तापमान पिछले साल की तुलना में ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. प्रदेश के कई शहरों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है.

पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में हल्के बादल और बूंदाबांदी की संभावना जरूर है, लेकिन फिलहाल गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में तापमान करीब 4 डिग्री तक और बढ़ सकता है. ऐसे में मार्च के पहले पखवाड़े में ही कई जगहों पर पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है.

रतलाम में सबसे ज्यादा तापमान
प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान रतलाम में दर्ज किया गया, जहां पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा धार, नर्मदापुरम और मंदसौर में भी तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान कटनी के करौंदी और नर्मदापुरम के पचमढ़ी में दर्ज हुआ, जहां तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

बड़े शहरों में अधिकतम तापमान
भोपाल – 36.8°C
इंदौर – 36.4°C
जबलपुर – 36.0°C
ग्वालियर – 37.2°C
उज्जैन – 37.0°C

बड़े शहरों में न्यूनतम तापमान
भोपाल – 15.0°C
इंदौर – 15.4°C
जबलपुर – 17.0°C
ग्वालियर – 18.2°C
उज्जैन – 14.8°C

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button