India to Face Australia in Semi-Final: वूमेंस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से मात दी. ऑस्ट्रेलिया ने अपने वर्ल्ड कप में सभी मैच जीते हैं. ऐसे में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सेमीफाइनल में भिड़ंत होना लगभग तय माना जा रहा है.
वूमेंस वर्ल्ड कप में आज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज अलाना किंग का जलवा देखने को मिला. सात विकेट हॉल लेने वाली कंगारू गेंदबाज ने साउथ अफ्रीका को आज मैच में चारों खाने चित कर दिया. पूरी साउथ अफ्रीका की टीम 97 रन पर ऑलआउट हो गई. जवाब में मामूली लक्ष्य का पीछा करने के दौरान ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने भी अपने तीन विकेट गंवा दिए. 17वें ओवर में उन्होंने यह मैच सात विकेट से अपने नाम किया. इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया की टीम ने वर्ल्ड कप में अपने विजय अभियान को जारी रखा. ऑस्ट्रेलिया ने अपने सभी छह मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है. उनका एक मैच बारिश के कारण धुल गया था. वो वर्ल्ड कप जीतने के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं.
भारत से सेमीफाइनल में भिड़ंत लगभग तय
वूमेंस वर्ल्ड कप पर नजर डालें तो प्वाइंट्स टेबल की टॉप टीम का मुकाबला चौथे नंबर की टीम से सेमीफाइनल में होगा. ऑस्ट्रेलिया मौजूदा टूर्नामेंट में अजेय है और वो प्वाइंट्स टेबल पर पहले स्थान पर मौजूद है. मौजूदा वक्त में भारत ने छह में से तीन मैच जीते हैं. हम प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर मौजूद हैं. भारत का अभी भी एक मैच बचा हुआ है. ऐसे में भारत और ऑस्ट्रेलिया की वूमेंस टीम की सेमीफाइनल में भिड़ंत लगभग तय मानी जा रही है. 30 नवंबर को भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे सेमीफाइनल में नवी मुंबई के स्टेडियम में भिड़ंत हो सकती है.
यह समीकरण टाल सकता है भारत-ऑस्ट्रेलिया की SF भिड़ंत
भारत का आखिरी मुकाबला बांग्लादेश से होना है. काफी ज्यादा संभावना इस बात की है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सेमीफाइनल मैच हो. ऐसा इसलिए क्योंकि सात में से छह मुकाबले हार चुकी बांग्लादेश को भारत अपने आखिरी लीग मैच में भले ही हरा दे लेकिन इसके बावजूद वो अंकों के मामले में नंबर-3 पर मौजूद इंग्लैंड के बराबर ही आ पाएगा. हां, अगर रविवार को इंग्लैंड अपने आखिरी लीग मैच में न्यूजीलैंड से बुरी तरह हार जाता है और भारत बांग्लादेश को बड़े अंतर से हरा देता है तब भारत नंबर-3 पर अपने लीग मैचों के अभियान का अंत करेगा. इस तरह भारत सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फिर इंग्लैंड की टीम खेलेगी.
इंदौर में दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों के साथ छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
इंदौर। इंदौर में दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों के साथ एक बाइक सवार ने छेड़खानी की और उन्हें “अनुचित तरीके से छुआ।” ऑस्ट्रेलियाई टीम महिला विश्व कप का अपना आख़िरी लीग मैच खेलने के लिए फ़िलहाल इंदौर में है, जहां वे शनिवार को दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ उतरेंगे। यह घटना गुरुवार सुबह घटित हुई, जब दोनों खिलाड़ी एक कैफ़े की ओर पैदल जा रही थीं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने एक बयान जारी करते हुए कहा, “सीए पुष्टि कर सकता है कि ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की दो सदस्यों के पास एक बाइक सवार आया और उन्हें अनुचित तरीके से छुआ। इस मामले को टीम की सुरक्षा दल द्वारा पुलिस को बताया गया है और अब वे इसकी जांच कर रहे हैं।”
इंदौर पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ़्तार भी कर लिया है। इंदौर के क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दांदोतिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हमें ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा अधिकारी की तरफ से शिक़ायत मिली है और हमने आरोपी के ख़िलाफ़ बीएनएस की धारा 74 और धारा 78 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। हमने एक गहन रणनीतिक ऑपरेशन चलाकर आरोपी को गिरफ़्तार भी किया है। आरोपी के ख़िलाफ पहले से भी अपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। “जब यह टूर्नामेंट शुरू हो रहा था, तब मध्य प्रदेश पुलिस ने बीसीसीआई और एमपीसीए के साथ मिलकर एक सुरक्षा प्रोटोकॉल तय किया था। हम यह भी जांच कर रहे हैं कि इस सुरक्षा प्रोटोकॉल में कहां चूक हुई।”
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने घटना की निंदा करते हुए कहा, “यह एक बेहद निंदनीय घटना है। भारत अपनी मेहमाननवाज़ी और देखभाल के लिए जाना जाता है। ऐसी घटनाओं के प्रति हमारी ज़ीरो टॉलरेंस नीति है। हम राज्य पुलिस (मध्य प्रदेश) की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हैं, जिन्होंने दोषी को पकड़ लिया है। कानून अपना काम करेगा और दोषी को उचित सज़ा मिलेगी। अगर जरूरत पड़ी तो हम अपनी सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा करेंगे ताकि सुरक्षा और मजबूत की जा सके।”
वहीं मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने एक बयान जारी करते हुए कहा, “एसोसिएशन इस घटना से बहुत व्यथित है। जिनके साथ यह घटना हुई, हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं। यह प्रेरणदायी चीज है कि ये खिलाड़ी इसके बाद भी मैदान पर खेलने उतरी हैं। सालों से इंदौर विदेशी टीमों के लिए एक सुरक्षित वेन्यू माना जाता रहा है। यह बहुत दुःखद है कि इस घटना के कारण शहर की इस छवि को धक्का लगेगा। एक मेजबान के रूप में एमपीसीए, ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम से माफ़ी मांगता है।” ऑस्ट्रेलिया इस समय विश्व कप अंक तालिका में शीर्ष पर है। अगर वे दक्षिण अफ़्रीका को इस मैच में हरा देते हैं, तो वह नंबर एक पर रहेंगे और 30 अक्टूबर को नवी मुंबई में दूसरे सेमीफ़ाइनल में भारत से खेलेंगे, जबकि दक्षिण अफ़्रीका 29 अक्टूबर को गुवाहाटी में पहले सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगा।



