सतना में विवाद के बाद मां ने मासूमों के खाने में मिलाया जहर, खुद भी खाया, एक बच्चे की मौत

सतना: मध्यप्रदेश के सतना जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के बांधा गांव में घरेलू विवाद के बाद एक परिवार ने जहरीला भोजन कर लिया। इस दुखद घटना में 6 वर्षीय आकाश शर्मा की मौत हो गई है, जबकि उसके माता-पिता और 3 साल का छोटा भाई रीवा के अस्पताल में वेंटिलेटर पर हैं।
3 साल के अभिषेक की बहादुरी ने बचाई जान
जब घर के सभी लोग बेहोश होकर गिरने लगे, तब 3 साल का छोटा बेटा अभिषेक रोते हुए घर से बाहर निकला और पड़ोसियों के पास पहुंचा। उसने टूटी-फूटी आवाज में बताया कि घर में सब बीमार हो गए हैं। पड़ोसी जब घर पहुंचे तो मंजर देख दंग रह गए। पूरा परिवार जमीन पर अचेत पड़ा था।
विवाद में लगाई मौत की थाली
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7 बजे कुंदन शर्मा और उनकी पत्नी ज्योति शर्मा के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि ज्योति ने कथित तौर पर घर में बने खाने में जहरीला पदार्थ मिला दिया। वही जहरीला खाना पहले मासूम बच्चों को परोसा गया और फिर पति-पत्नी ने भी उसका सेवन कर लिया।
बढ़ती इम्पल्सिव आत्महत्याएं
कुछ समय पहले शहडोल में कर्ज के चलते एक मोबाइल व्यापारी ने परिवार को जहर दे दिया था। विशेषज्ञों का मानना है कि इम्पल्सिव सुसाइड के मामलों में अक्सर घरेलू झगड़े मुख्य वजह होते हैं। ऐसे मामलों में मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन या स्थानीय परामर्श केंद्रों की मदद ली जा सकती है ताकि छोटे विवाद मौत का कारण न बनें।



