Adani Group Share: अदाणी ग्रुप की कंपनी को लेकर आई बड़ी खबर, 40 करोड़ डॉलर जुटाने की तैयारी

अदानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड को लेकर बड़ी अपडेट आई है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक ऑफशोर लोन के जरिए अदाणी ग्रीन लगभग 40 करोड़ डॉलर जुटाने के लिए बातचीत कर रही है. अरबपति गौतम अदानी की ये कंपनी अपने आगामी रिन्युएबल प्रोजेक्ट के लिए ये धन जुटाने की कोशिश कर रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले से जुड़े हुए लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा बताया कि कंपनी 7 से लेकर 10 साल तक के लिए विदेशी लोन ले सकती है. इसकी कीमत सुरक्षित ओवरनाइट फाइनेंसिंग दर से जुड़ी होने की संभावना जताई जा है.
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि कंपनी की मित्सुबिशी यूएफजे फाइनेंशियल ग्रुप इंक, फर्स्ट अबू धाबी बैंक पीजेएससी, स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक और सुमितोमो मित्सुई फाइनेंशियल ग्रुप इंक सहित बैंकों के एक समूह के साथ बातचीत चल रही है. ब्लूमबर्ग ने कंपनी से इस मामले पर टिप्पणी के लिए संपर्क किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
पिछले साल की शुरुआत में अमेरिकी शॉर्टसेलर हिंडनबर्ग रिसर्च के टारगेट पर आने के बाद से अदाणी ग्रुप, निवेशकों का विश्वास हासिल करने के लिए जुटा हुआ है. फंड जुटाने की ये योजना भी इसी का हिस्सा हो सकता है.
अदाणी समूह ने पिछले महीने संकट के बाद अपनी पहली डॉलर-डिनोमिनेटेड वाली पब्लिक बॉन्ड सेल के जरिए सौदे के आकार से सात गुना अधिक वैल्यू के ऑर्डर हासिल किए थे. इससे पहले दिसंबर में, अदाणी ग्रीन ने बैंकों के एक समूह से 1.4 अरब डॉलर का लोन लिया था.
ब्लूमबर्ग इंटेलिजेंस के क्रेडिट विश्लेषक शेरोन चेन ने पिछले महीने एक नोट में लिखा था कि मई में होने वाले चुनावों में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के दोबारा चुने जाने पर, सरकार का ध्यान इंफ्रास्ट्रक्चर पर जारी रहने की संभावना है. इस सेक्टर से बॉन्ड सप्लाई में इजाफा हो सकता है.
साथ ही भारत अपनी फॉसिल फ्यूल से चलने वाली अर्थव्यवस्था को डीकार्बोनाइज करने के लिए दशक के अंत तक अपनी क्लीन एनर्जी क्षमता को लगभग तीन गुना करने की योजना बना रहा है.



