पाकिस्तानी कॉस्मेटिक्स बेचने वाले व्यापारियों के खिलाफ एक्शन, दो के खिलाफ FIR दर्ज

महाराष्ट्र के धुले जिले में अवैध रूप से पाकिस्तान में बने कॉस्मेटिक्स बेचने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो व्यापारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है. लोकल क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्रांच की टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में विदेशी सामान जब्त किया, जिसकी कोई वैध रसीद या आधिकारिक दस्तावेज नहीं मिले.
जानकारी के अनुसार, लोकल क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्रांच की टीम ने सबसे पहले जय शंकर मार्केट स्थित श्री साईं ट्रेडर्स पर छापा मारा, जहां से कैलाश देवानंद नानकानी की दुकान से करीब 30,063 रुपये कीमत के विभिन्न कॉस्मेटिक्स बरामद किए गए. इसके बाद टीम ने नेशनल हाई स्कूल के पीछे स्थित पब्लिक मार्केट में दूसरी कार्रवाई की, जहां फजलू रहमान मोहम्मद सलीम अंसारी की दुकान से 31,411 रुपये के कॉस्मेटिक उत्पाद जब्त किए गए.
दोनों स्थानों पर की गई छापेमारी के दौरान कुल 61,474 रुपये मूल्य के अलग-अलग तरह के कॉस्मेटिक्स जब्त किए गए. जांच में सामने आया कि यह सामान पाकिस्तान में निर्मित था और इसे बिना किसी वैध आयात प्रक्रिया के बेचा जा रहा था. जब्त किए गए उत्पादों के संबंध में व्यापारियों के पास कोई आधिकारिक बिल या दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे.
चालीसगांव पुलिस स्टेशन और धुले सिटी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज
इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ फॉरेन ट्रेड एक्ट 1992 की धारा 3(3) और 11(2), भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318/4 और 223, तथा मेडिसिन्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 की धारा 18(A) और 27 के तहत मामला दर्ज किया है. संबंधित केस चालीसगांव पुलिस स्टेशन और धुले सिटी पुलिस स्टेशन में दर्ज किए गए हैं.
श्रीराम पवार के नेतृत्व में टीम ने की कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय देवरे के मार्गदर्शन में की गई. लोकल क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्रांच के पुलिस निरीक्षक श्रीराम पवार के नेतृत्व में टीम ने इस अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.



