तेज रफ्तार ट्रक ने फिर युवक को कुचला

कांकेर। जिले में हादसे का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को फिर नरहरपुर थाना क्षेत्र के अमोड़ा में तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े युवक को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बता दें कि 4 दिनों में अलग-अलग हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। वहीं एक महीने में 25 लोगों ने अपनी जान गवाई है।
बताया जा रहा है कि ट्रक चालक धान लोड कर नरहरपुर से कांकेर की ओर जा रहा था। वही बाइक से दो युवक भी नरहरपुर की ओर से मर्दापोटी (कांकेर) आ रहे थे। इस दौरान चनार के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर रुके युवक को ट्रक चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कुचल दिया। वहीं अन्य युवक ट्रक को अपनी ओर आता देख साइड हो गया, जिससे उसकी जान बच गई। मृतक का नाम दुर्गेश कुमेटी निवासी आवास पारा मर्दापोटी बताया जा रहा है।
महीनेभर में सड़क हादसे में 25 लोगों की मौत
गौरतलब है कि जनवरी से लेकर आज तक 2026 में अब तक कुल 31 सड़क हादसे में 25 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और 53 लोग घायल हुए हैं। वहीं बीते चार दिनों में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हुई है। शनिवार को यात्री बस और बाइक की भिड़ंत में बाप-बेटे की जान चली गई। वहीं उसी घटना स्थल पर दूसरे दिन हुए एक अन्य हादसे में मेटाडोर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई थी।



