4 से 6 नवंबर तक नवा रायपुर में होगा भव्य आयोजन,CM मोहन यादव करेंगे उद्घाटन

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्योत्सव 2024 का भव्य आयोजन 4 से 6 नवंबर तक नया रायपुर अटल नगर में होगा, जिसकी तैयारियां अपने अंतिम चरण में है। इस तीन दिवसीय उत्सव के दौरान देश दुनिया के ख्याति प्राप्त कलाकार रंगारंग और मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा शासकीय विभागों द्वारा विकास और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। शिल्प ग्राम, फूड कोर्ट और मीना बाजार जैसे आयोजन स्थल के आकर्षण का केंद्र रहेंगे, जहां छत्तीसगढ़ के विभिन्न शिल्प और व्यंजन भी उपलब्ध होंगे।
बता दें कि राज्य स्थापना दिवस राज्योत्सव 2024 का उद्घाटन 4 नवंबर को संध्या 6 बजे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि होंगे। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में 5 नवंबर को राज्योत्सव के कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। राज्य अलंकरण समारोह एवं राज्योत्सव का समापन 6 नवंबर को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि होंगे।
बॉलीवुड के ख्याति प्राप्त कलाकार करेंगे परफॉर्म
राज्योत्सव में ख्याति प्राप्त कलाकार रंगारंग और मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देंगे। 4 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत संध्या 4.30 बजे से होगी। बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक शांतुन मुखर्जी (शान) की प्रस्तुति रात्रि 7.45 बजे से होगी। इससे पूर्व रिखी क्षत्रीय की टीम द्वारा 12 लोक नृत्य की झलकियां, श्मोहन चौहान एवं साथी द्वारा आदिवृंदम, सुनील सोनी एवं टीम द्वारा क्षेत्रीय नृत्य संगीत तथा श्री विद्या वर्चस्वी द्वारा नाम रामायण की प्रस्तुति दी जाएगी।



