संजय मांजरेकर ने टीम इंडिया पर कसा तंज, बिना नाम लिए शुभमन और गौतम का उड़ाया मजाक!

नई दिल्ली: श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद टीम इंडिया की रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं. मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 509 रन बनाकर पारी को घोषित किया था. इसके बाद टीम इंडिया ने श्रीलंका को उसकी पहली पारी में 290 रनों समेटकर उसे फॉलोऑन दिया. फॉलोऑन देना किसी भी टीम के लिए एक मजबूत पक्ष होता है, लेकिन कोलंबो में मेजबान श्रीलंका ने फॉलोऑन मिलने के बावजूद खुद को हार से बचा लिया.
यही कारण है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने शुभमन गिल और गौतम गंभीर का बिना लिए तंज कसा है. मैच ड्रॉ होने के बाद मांजरेकर ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “मैच नहीं जीत पाने के लिए कोई भी भारत पर उंगली नहीं उठा सकता. असल में उन सभी उंगलियों को एक साथ लाइए, हाथ जोड़िए और तालियां बजाइए, श्रीलंका और खासकर एक खिलाड़ी सोनल दिनुशा के लिए.”
किसी भी टेस्ट मैच में अगर कोई टीम फॉलोऑन खेलती है तो उस पर पारी से हार का दोहरा मानसिक दबाव रहता है. क्योंकि पहली पारी में वैसे ही कम स्कोर पर सिमटने के बाद उसे तुरंत फिर से बल्लेबाजी करनी पड़ती है. ऐसी स्थिति में अक्सर फॉलोऑन देने वाली टीम की जीत लगभग तय मानी जाती है, लेकिन कोलंबो टेस्ट मैच में श्रीलंका के सोनल दिनुशा भारतीय टीम के सामने दीवार बनकर खड़े रहे, जिसे कोई नहीं भेद पाया.
सोनल ने अपनी टीम के लिए पहली पारी में अकेले डटे रहे और 103 रनों की पारी खेली थी, जिसके कारण श्रीलंका 290 रन बनाए. वहीं, दूसरी पारी में जब श्रीलंका फोलोऑन खेल रही थी तो एक बार फिर से सोनल ही टीम के लिए संकटमोचक बने. सोनल दिनुशा ने अपनी कलात्मक स्वीप शॉट से भारतीय गेंदबाजों के नाक में दम कर दिया और पूरे दिन क्रीज पर खड़े रहे. अपनी दूसरी पारी में उन्होंने 264 गेंद में नाबाद 133 रन बनाए, जिससे टीम ने 429 रन बनाकर पारी को घोषित किया.
भारत को मिला था 211 रनों का टारगेट
भारत के खिलाफ दूसरी पारी में दमदार प्रदर्शन करने वाली श्रीलंकाई टीम ने चौथी पारी में 210 रनों की बढ़त हासिल की थी. अंतिम दिन के खेल की समाप्ति से कुछ समय पहले श्रीलंका ने अपनी पारी को घोषित किया था. चूकि श्रीलंकाई टीम इस मैच को जीतने के लिए नहीं खेल रही थी और उसका मकसद ही इसे ड्रॉ कराना था. वहीं, दूसरी तरफ स्टंप्स में कुछ ही मिनट का समय बचा था. ऐसे में भारतीय टीम ने श्रीलंका की पारी घोषित होने के बाद खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर मैच खत्म होने की औपचारिकता को पूरा किया.



