छत्तीसगढ़

CG Weather : छत्तीसगढ़ में फिर तेज हुआ मानसून, आज कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर बने रहने की संभावना जताई है। वहीं बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के चलते आने वाले दिनों में मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आने के संकेत हैं।

रामचंद्रपुर में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश रामचंद्रपुर में दर्ज की गई। मौसम के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ। प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 8 प्रतिशत कम रही है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 23 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट

रविवार सुबह मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश तथा आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में अगले तीन घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट बताया गया है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बंगाल की खाड़ी में बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बारिश और आकाशीय बिजली की स्थिति को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषकर गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button