अन्य खबरें

28 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना, इन इलाकों में बरसेंगे बादल

अगले सात दिन बारिश का अलर्ट जारी
रायपुर । छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने 22 से 28 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 से 25 अगस्त के बीच बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। वहीं 26 से 28 अगस्त तक भी कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। लोगों को मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर
अगले सप्ताह बारिश का प्रभाव खासतौर पर मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश की स्थिति बन सकती है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर बढऩे की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत होगी। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान मौसम प्रणाली भी बारिश के लिए अनुकूल बनी हुई है। 21 अगस्त के मौसम विभाग के बुलेटिन में उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव क्षेत्र बने रहने की जानकारी दी गई है।

रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में भी अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 22 अगस्त को शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। इसके बाद भी अगले सप्ताह बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। पिछले 24 घंटे में रायपुर में बारिश अपेक्षाकृत कम रही और करीब 5.2 मिमी पानी दर्ज किया गया। वहीं नवा रायपुर समेत कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई।

प्रदेश में अब तक 774.7 मिमी बारिश
मानसून सीजन में छत्तीसगढ़ में अब तक 774.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य बारिश से करीब 7 फीसदी कम है। इस अवधि तक प्रदेश में 829.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। वहीं रायपुर जिले में स्थिति प्रदेश के औसत से अलग है। जिले में अब तक 808.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 10 फीसदी अधिक है।

27 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
प्रदेश में बारिश का वितरण समान नहीं रहा है। आंकड़ों के मुताबिक 6 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है, जबकि 27 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से यह अंतर और बदल सकता है। मानसून सीजन आधिकारिक रूप से 30 सितंबर तक रहता है। इसके बाद भी कई बार मानसून की वापसी अक्टूबर तक होती है, इसलिए सितंबर में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना बनी रहती है।

इन इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में राजपुर और बिहारपुर में 4-4 सेमी, डोंगरगढ़ में 3 सेमी, जबकि जनकपुर-भरतपुर और दुर्ग में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रेंगाखारकला, सारागांव, राजनांदगांव, साल्हेवारा, प्रेमनगर, पिपरिया, कोटाडोल, भैरमगढ़, गीदम, खरोरा, पसान, चांपा, केल्हारी, मोहला और घुमका में भी बारिश हुई। लगातार बारिश का असर नवा रायपुर के सेंध तालाब पर भी दिखाई दे रहा है। तालाब पानी से लगभग लबालब हो चुका है। जलभराव के बाद यहां का नजारा और आकर्षक हो गया है।

तालाब किनारे सड़क और कृत्रिम टापू का काम
सेंध तालाब के किनारे सड़क निर्माण का काम चल रहा है। इसके अलावा तालाब के बीच में कृत्रिम टापू भी बनाया गया है। फिलहाल बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित है और काम रुका हुआ है।

अगले सात दिन बारिश पर नजर
ताजा चेतावनी के मुताबिक 22 से 28 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर बना रह सकता है। ऐसे में अगले सप्ताह राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढऩे की संभावना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button