कनाडा के गुरुद्वारे में शादी का माहौल… अचानक चलने लगे चाकू, 2 घायल

एडमोंटन : कनाडा के अल्बर्टा प्रांत स्थित एडमोंटन शहर में एक गुरुद्वारे के भीतर सुबह-सुबह हिंसक वारदात की खबर सामने आई है। नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख मंदिर में प्रार्थना के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने घुसकर हंगामा किया और चाकू से हमला कर दो लोगों को घायल कर दिया। वहीं घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया है। इस मौके पर एडमोंटन पुलिस सर्विस ने बताया कि 14 स्ट्रीट और हॉर्सहिल रोड के पास हुई इस घटना पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इमरजेंसी कर्मियों ने दो वयस्क पुरुषों का इलाज किया। उनकी चोटें ऐसी नहीं थीं जिनसे जान का खतरा हो।
पुलिस ने हमले के मकसद के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और न ही यह बताया कि क्या इसकी जांच ‘हेट क्राइम’ (नफरत से प्रेरित अपराध) के तौर पर की जा रही है। मंदिर के प्रतिनिधि हरमीक सहगल ने बताया कि वह व्यक्ति गुरुद्वारे में घुसा और सुबह होने वाली शादी से पहले चल रही प्रार्थना में बाधा डाली। रिपोर्ट के अनुसार सहगल ने कहा, वह अंदर आया और हंगामा किया, हमारी सुबह की प्रार्थना में बाधा पड़ी और जो लोग प्रार्थना कर रहे थे उन्होंने उस व्यक्ति को देखा। वह देखने से कोई आम श्रद्धालु नहीं लग रहा था।
सहगल के मुताबिक प्रार्थना कराने वालों ने शुरू में उस व्यक्ति से बात करने की कोशिश की लेकिन उसने सहयोग नहीं किया। उन्होंने कहा, वह व्यक्ति किसी की बात नहीं सुन रहा था। इसलिए उन्होंने उसे काबू करने की कोशिश की। उसने भी विरोध किया और धक्का-मुक्की की।वे उसे काबू करने में सफल रहे और उसी समय पुलिस को बुलाया गया। इस हाथापाई के दौरान दो लोगों को चाकू मार दिया गया। सहगल ने बताया कि हमले के बाद दोनों पीड़ित होश में थे।



