स्टेयरिंग फेल होते ही पेड़ से टकराई स्कूल बस, 4 बच्चियां घायल

खरगोन: मध्य प्रदेश पुलिस के प्रदेश स्तरीय ‘नशे से दूरी, है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम से लौट रही स्कूली बच्चों की बस गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में सवार एकलव्य आवासीय विद्यालय की 54 छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार छात्राओं को सामान्य चोटें आई हैं। सभी को जिला अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह डीआरपी लाइन मैदान में पुलिस द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर मेनगांव स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय की 54 छात्राओं को एक निजी स्कूल की बस से खरगोन लाया गया था।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब बस छात्राओं को वापस विद्यालय लेकर जा रही थी, तभी इंदौर रोड पर केंद्रीय विद्यालय के आगे बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और एक पेड़ से टकराकर रुक गई। अचानक लगे जोरदार झटके से कई छात्राएं आगे की सीटों से टकरा गईं और बस में कुछ देर के लिए चीख-पुकार मच गई।
कई बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं
हादसे में कक्षा 9वीं की छात्रा वैष्णवी दांगोड़े को कमर में, दिव्या निराले को सिर और पैर में, प्रियांशी आरसे को कमर में तथा अदिति वास्कले को सामान्य चोटें आईं। सभी घायल छात्राओं को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया और एक्स-रे सहित आवश्यक जांच कराई। एक छात्रा ने सीने में दर्द की भी शिकायत की, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
प्रशासन व स्कूल अधिकारी अस्पताल पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, स्कूल स्टाफ और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मिलिंद नागदेवे ने भी अस्पताल पहुंचकर छात्राओं का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनकी स्थिति की जानकारी लेकर समुचित उपचार के निर्देश दिए।
अचानक स्टेयरिंग ने काम करना बंद कर दिया
बस चालक दीपक बिहारी ने बताया कि बस पूरी तरह फिट थी, लेकिन लौटते समय अचानक स्टेयरिंग ने काम करना बंद कर दिया। उसी समय सामने से एक ट्रक आ रहा था। दुर्घटना टालने के लिए उसने तुरंत ब्रेक और हैंडब्रेक लगाए, जिससे बस सड़क से नीचे उतर गई और पेड़ से टकराकर रुक गई।



