CWG 2026 के 8वें दिन लवप्रीत ने जीता सिल्वर

ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स के आठवें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने 2 मेडल जीते. पहला पदक वेटलिफ्टिंग में और दूसरा महिला शॉट पुट में आया. हालांकि फिलहाल भारत मैडल टैली में पिछड़ गया है. गुरुवार के खेल की बात करें तो दिन का पहला मेडल लवप्रीत सिंह ने दिलाया. उन्होंने वेटलिफ्टिंग में 388 किलोग्राम का भार उठाते हुए रजत पदक अपने नाम किया. उन्होंने स्नैच में 176kg और क्लीन एंड जर्क में 212kg का भार उठाया.
गुरुवार के दिन का दूसरा और आखिरी मेडल सीमा कलीरामना ने जीता, उन्होंने ब्रोंज मेडल अपने नाम किया। सीमा ने निधि रानी को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की, उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 58.65 मीटर का था, वहीं निधि का 57.10 मीटर का था. इस स्पर्धा में जमैका की सामंथा हॉल ने स्वर्ण जीता, जिनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 61.66 मीटर का रहा.
ब्रोंज के लिए 2 भारतीयों में टक्कर!
महिला शॉट पुट में सीमा कलीरामना ने ब्रोंज जीता. इस स्पर्धा में अंतिम पदक के लिए 2 भारतीयों के बीच टक्कर देखने को मिली. सीमा ने हमवतन निधि रानी को पछाड़ते हुए जीत दर्ज की. सीमा का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 58.65 का था, वो तीसरे स्थान पर बनी हुई थी. अंतिम प्रयास में निधि सिर्फ 55.39 का थ्रो कर पाई, उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 57.10 मीटर का था और वो चौथे स्थान पर रहीं.
मेडल टैली में कहां है भारत?
गुरुवार से पहले भारत मेडल टैली में 8वें नंबर पर था, दिन का खेल खत्म होने के बाद भारत खिसककर 10वें स्थान पर पहुंच गया. भारत के कुल मेडल की संख्या 17 हो गई है, नाइजीरिया और मलेशिया भारत से कम पदक होने के बाद भी आगे हैं. दरअसल पहले गोल्ड मेडल को देखा जाता है, उसके आधार पर क्रम तय होता है। भारत ने 3 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रोंज जीते हैं.
भारत ने सबसे ज्यादा मेडल वेटलिफ्टिंग में जीते हैं. वेटलिफ्टिंग में भारत ने 1 गोल्ड, 6 सिल्वर और 1 ब्रोंज जीता है.



