दतिया उपचुनाव: ‘BJP की ऐतिसाहिक जीत…’, शिवराज सिंह चौहान ने भरी हुंकार, कांग्रेस को घेरा

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है. रविवार (26 जुलाई) को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दतिया के बसई में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की ही अपनी पार्टी में पूछ-परख नहीं है. यह पार्टी भ्रम फैलाने का काम करती है और जनता का भला नहीं कर सकती है.
शिवराज सिंह चौहान ने दावा करते हुए कहा, ”दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत तय है और 30 जुलाई को जनता कमल का बटन दबाकर विकास के पक्ष में मतदान करेगी.” जनसभा में मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी संबोधित किया.
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर साधा निशाना
बसई में जनसभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ”कांग्रेस शासन के दौरान ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में डकैतों का आतंक था और अपहरण एक उद्योग बन चुका था. उस दौरान मुख्यमंत्री बनने के बाद हमने संकल्प लिया था कि प्रदेश में या तो डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान, दोनों साथ नहीं रह सकते. इसके बाद डकैतों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया.” केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में प्रदेश की सड़कें बदहाल थीं, बिजली-पानी की भारी समस्या थी और शिक्षा व्यवस्था भी कमजोर थी.
‘मध्यप्रदेश विकास की नई गति से आगे बढ़ रहा’
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की नई गति से आगे बढ़ रहा है. दतिया में मेडिकल कॉलेज, वेटरनरी कॉलेज, फिशरीज कॉलेज, अस्पतालों को अपग्रेड करने और पीतांबरा पीठ क्षेत्र के विकास जैसे कार्य भाजपा सरकार की देन हैं.” उन्होंने पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कार्यकाल के विकास कार्यों का भी जिक्र किया.
‘केंद्र का लक्ष्य देशभर में 6 करोड़ लखपति दीदी तैयार करना’
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में लाखों गरीब परिवारों को मकान स्वीकृत किए गए हैं और नए पात्र हितग्राहियों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अब केवल लाडली बहना योजना तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर ‘लखपति दीदी’ बनाना है. केंद्र सरकार का लक्ष्य अब देशभर में 6 करोड़ लखपति दीदी तैयार करना है.
वीबी-जी राम जी योजना को बताया गांवों के लिए वरदान
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ‘वीबी-जी राम जी’ योजना के माध्यम से ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए बड़े स्तर पर राशि उपलब्ध कराई जाएगी. उनके अनुसार, आने वाले वर्षों में दतिया विधानसभा की प्रत्येक ग्राम पंचायत को औसतन करोड़ों रुपये तक की विकास राशि मिल सकती है, जिससे गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा.
आशुतोष तिवारी के पक्ष में मांगे वोट
शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की संगठनात्मक और प्रशासनिक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संगठन मंत्री और हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में सफलतापूर्वक जिम्मेदारियां निभाईं. उन्होंने जनता से 30 जुलाई को कमल के फूल के पक्ष में मतदान कर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने की अपील की.
प्रहलाद सिंह पटेल ने भी किया संबोधित
मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा, ”दतिया की जनता को दोबारा अपना जनप्रतिनिधि चुनने का अवसर मिला है.” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक के कार्यकाल में क्षेत्र के विकास को अपेक्षित गति नहीं मिल सकी. उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर दतिया के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं.



