छत्तीसगढ़

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच छत्तीसगढ़ ने की UCC पर संगोष्ठी, समान नागरिक संहिता किसी धर्म के खिलाफ नहीं : इंद्रेश कुमार

 रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुस्लिम राष्ट्रीय मंच छत्तीसगढ़ की ओर से किया गया, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। वहीं कार्यक्रम में डॉ. सलीम राज समेत विभिन्न सामाजिक और धार्मिक प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा कि समान नागरिक संहिता किसी भी जाति, पंथ, भाषा या धर्म के विकास में बाधक नहीं है, बल्कि सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान अवसर देने की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि यूसीसी किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं है और इससे सभी समुदायों को समान स्वतंत्रता मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई यह प्रचार करता है कि यूसीसी से मुसलमानों को खतरा है, तो वह लोगों को भ्रमित कर रहा है। उनके अनुसार, समान नागरिक संहिता में सनातन धर्म के अनुयायियों की तरह ही मुस्लिम, सिख, ईसाई और अन्य सभी धर्मों के लोगों को समान अधिकार और स्वतंत्रता प्राप्त होगी। उन्होंने ऐसे दावों को समाज में भ्रम फैलाने वाला बताया।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर इंद्रेश कुमार का बयान

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर इंद्रेश कुमार ने कहा कि प्रतीक्षा करने में आनंद रहता है। हर फैसला न्यायपूर्ण होगा, सभी व्यवस्थाओं पर भरोसा है। चाहे डियररेस्ट हो या नियररेस्ट, न्याय जरूर होगा। गोरखपुर मठ को राम मंदिर से दूर रखने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राम मंदिर, राम मंदिर है किसी को दूर नहीं रखा गया। गोरखपुर मठ राम से जुड़ा था, जुड़ा है और जुड़ा रहेगा।

बापू को कायर कहने के आरोपों को किया खारिज

RSS के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के ‘बापू को कायर कहने’ को लेकर सियासत तेज है। इस मामले में इंद्रेश कुमार ने कहा कि मैंने ऐसा न कहा है और न ही कहूंगा। मेरे बयान पूरी दुनिया के सामने हैं, उसे तोड़-मरोड़कर पेश न करें।

कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने पर इंद्रेश कुमार ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पहले भी कई मुद्दे बनाए हैं, लेकिन हर बार उसे नुकसान ही हुआ है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button