जीएसटी के संयुक्त आयुक्त ने ली ट्रांसपोर्टरों की बैठक, ई-वे बिल के प्रावधानों की दी जानकारी, समस्याओं का भी किया समाधान

रायपुर. इज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत आज जीएसटी संभाग दो रायपुर ने ट्रांसपोर्टरों की बैठक ली, जिसमें संयुक्त आयुक्त सीआर महिलांगे ने हाल ही में लागू किए गए ई वे बिल से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी. बैठक में बताया गया कि ई-वे बिल का निर्माण क्रेता एवं विक्रेता व्यवसाइयों के साथ-साथ विभिन्न परिस्थितियों में ट्रांसपोर्टर भी जारी कर सकते हैं.
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए ट्रांसपोर्टरों ने ई वे बिल से संबंधित विभिन्न प्रकार की समस्याओं को रखा. संयुक्त आयुक्त महिलांगे ने आश्वासन दिया कि यथासंभव समस्याओं का निदान किया जाएगा. इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश त्यागी, सहायक आयुक्त अवधेश यादव उपस्थित थे. उपायुक्त त्यागी ने ई वे बिल निर्माण से संबंधित विभिन्न प्रावधानों का विस्तार से ट्रांसपोर्टरों को जानकारी दी. ई वे बिल निर्माण के समय किन-किन प्रकार की गलतियों की संभावना रहती है और ई वे बिल के समय कौन सी बातों का ध्यान रखा जाना चाहिए, इस संबंध में त्यागी ने विस्तार से बताया.
इज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत् जीएसटी विभाग ई वे बिल निर्माण से संबंधित जागरूकता अभियान जोर-शोर से चला रहा है. संभाग स्तर पर ट्रांसपोर्टरों की बैठक लेकर उन्हें ई वे बिल से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है. ट्रांसपोर्टरों के प्रश्नों का भी विस्तृत उत्तर विभाग दे रहा. इसके लिए संभाग एवं वृत्त कार्यालय स्तर पर हेल्प डेक्स बनाया गया है. यहां व्यवसायी एवं ट्रांसपोर्टर अपने ई वे बिल से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
बैठक के बाद व्यापारियों ने जीएसटी से संबंधित विभिन्न प्रश्न किए, जिसका अधिकारियों ने समाधान किया. साथ ही कहा कि जीएसटी को नकारात्मक तरीके से ना लें, जीएसटी का अर्थ है कि आप सरकार के प्रतिनिधि हैं और आप उपभोक्ता से सरकार से प्रतिनिधि के रूप में टैक्स इकट्ठा कर सरकार के खजाने में जमा करते हैं. आप स्वयं सरकार के एक जिम्मेदार सदस्य हैं और सरकार आप पर पूरा विश्वास करती है. इस उद्देश्य से यदि आप काम करेंगे तो कभी भी आपको कोई तकलीफ नहीं होगी. जागरूक रहें समय पर टैक्स भरें, पेनाल्टी से बचें. अधिकारी एवं सरकार भी यही चाहती है कि व्यापारी अधिक से अधिक लाभ अर्जित करें और नगर और देश की उन्नति
में सहयोग दें. इस अवसर पर कमल गोलछा सचिव मां भवानी गुड्स टांसपोर्ट, श्री टांसपोर्ट, श्री भोला रोड़ लाईन्स, एडी लॉजिस्टिक, जैन गुड्स, महारानी ट्रांसपोर्ट एवं रायपुर सुकमा टांसपोर्ट के मालिक एवं अन्य टांसपोर्टर्स उपस्थित रहे.



