मध्यप्रदेश

स्कूल में बंदूक लेकर पहुंचे ‘दबंग’ मास्टर जी, लगाने लगे निशाना तो सहमे छात्र; प्रभारी प्रचार्य ने कराई एफआईआर

गुना: जिले के धरनावदा स्थित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में शिक्षक के हाथों में बंदूक देखकर लोग भयभीत थे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद गुना पुलिस ने शिक्षक पर शिकंजा कसा है। प्रभारी प्रचार्य की शिकायत पर धरनावदा पुलिस ने शिक्षक पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी शिक्षक मूल रूप से राजस्थान के कवाई (सालपुरा) का निवासी है।

ढाई महीने पुराना है वीडियो

पूरा मामला करीब ढाई महीने पुराना है, लेकिन वीडियो अब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शिक्षक विनोद साहू बिना किसी खौफ के स्कूल परिसर में सरेआम बंदूक से निशाना साधते हुए दिखाई दे रहा है। इसी दौरान वहां से स्कूल की प्रिंसिपल और कुछ अन्य लोग भी गुजरते हैं, लेकिन वह बेखौफ होकर हथियार लहराता रहता है। सहकर्मियों और स्थानीय नागरिकों की मानें तो आरोपी अक्सर दफ्तर और छात्रों पर धौंस जमाने और अपना रसूख दिखाने के लिए बंदूक लेकर स्कूल आता था।

7 अप्रैल की दोपहर मचाया था हड़कंप

थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, यह खौफनाक वाकया 7 अप्रैल की दोपहर करीब 1 बजे का है। आरोपी विनोद साहू हाथ में बंदूक लेकर अचानक स्कूल प्रांगण में दाखिल हो गया। परिसर में खुलेआम हथियार देखकर वहां मौजूद छात्र-छात्राएं और स्टाफ दहशत में आ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब मौके पर मौजूद प्रभारी प्राचार्य ममता सोनी, माध्यमिक शिक्षक चंद्रमोहन कुशवाह और उच्च माध्यमिक शिक्षक अंजू गुप्ता ने उसे रोकने का प्रयास किया और समझाइश दी। इसके बाद आरोपी और ज्यादा आवेश में आ गया।

प्राचार्य द्वारा इस संबंध में पुलिस को आवेदन दिया गया था। जिस पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया एफआईआर की है। मामले की जांच जारी है।

हितिका वासल, एसपी गुना

स्टाफ पर साधने लगा निशाना

उसने आपा खोते हुए स्टाफ के सामने ही बंदूक से निशाना साधना शुरू कर दिया। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद लगभग ढाई महीने बाद सोमवार को मामले में लिखित शिकायत की गई, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

आरोपी शिक्षक ने दी सफाई

आरोपी शिक्षक विनोद साहू ने कहा कि यह मामला करीब ढाई महीने पुराना है। वो एक एयर गन थी, जो हमारे एक शिक्षक साथी स्कूल समय के बाद उसे लेकर आए थे। हम सभी स्टाफ ने उत्सुकतावश उसे अपने हाथ में लेकर देखी थी। यह बात ढाई महीने पुरानी है अब मैडम कह रही है कि मुझे धमकाया। क्या ढाई महीने से नहीं धमकाया। मैडम द्वेषपूर्वक आरोप लगा रही हैं ताकि उन्होंने जो घोटाले किए है उसे उजागर नहीं कर सको।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button