कपड़े बदलकर बुलेट चुराने वाला चोर पकड़ा, हर वारदात से पहले बदलता था भेष, 50 लाख की 14 बाइक बरामद

इंदौर: जिले की तुकोगंज पुलिस ने भेष बदलकर वाहन चोरी करने वाले एक बेहद चालाक अंतरराज्यीय चोर को दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत की 14 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें 11 महंगी बुलेट शामिल हैं। आरोपी की पहचान राजस्थान के झालावाड़ निवासी कन्हैया (40) के रूप में हुई है, जो फिलहाल इंदौर के सुखलिया इलाके में रह रहा था।
डीसीपी अभिषेक रंजन ने बताया कि शुक्रवार रात बास्केटबॉल ग्राउंड के सामने गश्त के दौरान संदिग्ध हालत में बुलेट पर बैठे कन्हैया को घेराबंदी करके पकड़ा गया। जब ई-रक्षक ऐप के जरिए गाड़ी के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की गई, तो उस पर लगी नंबर प्लेट फर्जी निकली। यह बुलेट 31 मई की रात ’56 दुकान’ इलाके से चोरी हुई थी।
रेकी के बाद बदल लेता था कपड़े
पुलिस पूछताछ में आरोपी के काम करने के बेहद अजीब और शातिर तरीके का खुलासा हुआ है। कन्हैया हमेशा अपने साथ अलग-अलग चाबियों का एक गुच्छा रखता था और सुनसान या भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी बुलेट की रेकी करता था।
इन इलाकों में की चोरी, आगर मालवा में बेचीं बाइक
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने इंदौर के हीरानगर, विजय नगर, एमजी रोड, संयोगितागंज, खजराना और एरोड्रम सहित उज्जैन से भी गाड़ियां चुराने की बात कबूली है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर विमल अपार्टमेंट, डॉल्फिन अस्पताल की पार्किंग और वल्लभ नगर मंदिर के पास से चोरी की गाड़ियां बरामद की हैं। आरोपी ने चोरी की दो बुलेट आगर मालवा जिले के सोयत कला में बेची थीं, जिन्हें वहां की पुलिस ने पहले ही जब्त कर रखा है।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी कन्हैया का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से दो गंभीर मामले दर्ज हैं और वह राजस्थान के कोटा में चेन स्नेचिंग के एक मामले में जेल की हवा भी खा चुका है। फिलहाल पुलिस उससे शहर में हुई कुछ अन्य चोरियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
मास्टर चाबी से लॉक खुलने की संभावना दिखते ही वह तुरंत वारदात नहीं करता था।
पकड़े जाने के डर से वह पहले वहां से हट जाता और अपने कपड़े बदल लेता था।
भेष बदलने के बाद वह वापस आता और मौका मिलते ही गाड़ी लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस को चकमा देने के लिए वह तुरंत गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगा देता था।
आरोपी के पास से पुलिस ने 12 चाबियां, फर्जी नंबर प्लेट और वारदात में इस्तेमाल होने वाला काला हेलमेट बरामद किया है।



