खेल

‘मेरे हाथ में होता तो उसे ओपनिंग पर भेजती…’, IND बैटर से बहुत खुश हैं हरमनप्रीत कौर; PAK को हराने के बाद किया बड़ा खुलासा

नई दिल्‍ली। भारतीय कप्‍तान हरमनप्रीत कौर ने विकेटकीपर बल्‍लेबाज ऋचा घोष की जमकर तारीफ की और उन्‍हें बतौर ओपनर भेजने पर अपनी इच्‍छा भी जाहिर की। घोष ने रविवार को पाकिस्‍तान के खिलाफ प्रभावी पारी खेली।

ऋचा घोष ने बर्मिंघम में केवल 17 गेंदों में पांच चौके और एक छक्‍के की मदद से 34 रन बनाए, जिसकी मदद से भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान को 64 रन से मात दी। इस तरह भारत ने आईसीसी महिला टी20 वर्ल्‍ड कप में विजयी शुरुआत की।

ऋचा ने बांधा समां

याद दिला दें कि ऋचा घोष भारत के लिए छठे नंबर पर बल्‍लेबाजी करने उतरीं। उन्‍होंने मौके की नजाकत को भांपते हुए आक्रामक खेल दिखाया और आकर्षक शॉट्स लगाए। मैच के बाद हरमनप्रीत कौर ने स्‍वीकार किया कि अगर फैसला उनके हाथ में होता तो वो ऋचा को जरूर टॉप ऑर्डर में भेजती।

भारतीय कप्‍तान ने साथ ही सफाई दी कि ऋचा की मिडिल ऑर्डर में एक भूमिका तय है और टीम उनके प्रदर्शन से संतुष्‍ट है। हरमनप्रीत कौर ने मैच के बाद कहा, ‘अगर मेरे हाथ में होता तो उसे पहली गेंद पर भेजना पसंद करती। मगर मेरे ख्‍याल से उसकी खेलने की भूमिका तय है और उसने बहुत शानदार प्रदर्शन किया। जिस तरह उसने आज खेला, उससे हम बहुत खुश हैं।’

ऋचा ने बदल दी बाजी

याद दिला दें कि पाकिस्‍तान ने स्‍मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर को डगआउट भेजकर अपनी पकड़ मजबूत बना ली थी। भारतीय टीम की रनगति काफी धीमी हो चली थी। तब ऋचा घोष ने 19वें ओवर में दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर 23 रन बटोरे और टीम को विशाल स्‍कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

हरमनप्रीत कौर ने क्‍या कहा

मैं मैदान में आने वाले दर्शकों को धन्‍यवाद देना चाहती हूं। जब भी हमें जरुरत होती है तो मंधाना और दीप्ति हमेशा दम भरते हैं। यह पिच अच्‍छी थी। हमने शुरुआत में खुद पर फालतू का दबाव बनाया। मगर जब मैं और स्‍मृति बल्‍लेबाजी कर रहे थे तो हमारी कोशिश मैच पर नियंत्रण बनाने की थी। क्रिकेट में अगर आप कैच पकड़े तो मैच जीत जाते हैं। आज हमारी फील्डिंग शानदार रही। हमने फील्डिंग में बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे मैं खुश हूं। हमारे लिए प्रत्‍येक लीग मैच महत्‍वपूर्ण है और जैसा पाकिस्‍तान के खिलाफ खेला, उससे मैं संतुष्‍ट हूं।

हरमनप्रीत कौर, भारतीय कप्‍तान

भारत का कार्यक्रम

भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान को मात दी। अब ‘हरमन ब्रिगेड’ बुधवार को नीदरलैंड्स की चुनौती का सामना करेगी। यह मुकाबला लीड्स में खेला जाएगा।

भारत का आगे का कार्यक्रम

  • 17 जून 2026 – भारत बनाम नीदरलैंड्स, लीड्स
  • 21 जून 2026 – भारत बनाम साउथ अफ्रीका, मैनचेस्‍टर
  • 25 जून 2026 – भारत बनाम बांग्‍लादेश, मैनचेस्‍टर
  • 28 जून 2026 – भारत बनाम ऑस्‍ट्रेलिया, लॉर्ड्स
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button