PSG के चैंपियन बनने पर पेरिस में हिंसा, फैंस ने शहर में कई जगह लगाई आग

PSG (पेरिस सेंट-जर्मेन) ने पेनल्टी शूटआउट में आर्सेनल को 4-3 से हराकर UEAF चैंपियंस लीग 2026 का खिताब जीत लिया है. जैसे ही फाइनल सीटी बजी, क्लब के फैंस ने पेरिस में जश्न मनाना शुरू कर दिया. लेकिन इस जश्न ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने पड़े. पुलिस और फैंस के बीच भी झड़प हुई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
PSG के चैंपियन बनने के साथ ही पेरिस में फैंस बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए, वह जश्न मना रहे थे लेकिन कुछ लोगों ने इसे हिंसक बना दिया. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि फैंस सड़कों पर आग लगा रहे हैं. कुछ लोगों ने गाड़ियों में भी आग लगा दी. एफिल टावर के पास भी ऐसी घटनाएं हुईं, जिसके बाद पुलिस ने फैंस के ग्रुप को अलग करने का प्रयास किया. इस दौरान अफरा तफरी का माहौल बना रहा.
ये PSG की लगातार दूसरी जीत है और हिंसा की घटना का भी. Parc des Princes स्टेडियम में लगी बड़ी स्क्रीन पर मैच देखने आए दर्शकों में कुछ लोगों की झड़प मैच से पहले भी पुलिसकर्मियों के साथ हुई थी. रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया कि इस दौरान छह गाड़ियां, दो दुकानें और एक बस स्टॉप क्षतिग्रस्त हो गए.



