दिल्ली की गर्मी ने तोड़ा 14 साल का रिकॉर्ड, 2012 के बाद मई की सबसे गर्म रात, IMD ने बताया कब तक राहत नहीं?

Delhi Weather News: दिल्ली की गर्मी ने तो हाहाकार मचा दिया. दिल्ली, नोएडा से लेकर पूरे एनसीआर में सूरज देवता का प्रकोप दिख रहा है. दिल्ली में दिन हो या रात… तपिश से लोगों का जीना मुहाल हो गया है. अब तो दिल्ली में गर्मी ने 14 साल का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है. जी हां, दिल्ली में 14 साल बाद मई की सबसे गर्म रात दर्ज की गई है. बीते बुधवार को रात में न्यूनतम पर 32 डिग्री के करीब पहुंचा. यह सामान्य से 5.2 अधिक था. इससे पहले मई 2012 में न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री रहा था.
दरअसल, दिल्ली में गुरुवार को भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा और लगभग 14 साल बाद मई की सबसे गर्म रात दर्ज की गई. राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा और मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक भीषण गर्मी की चेतावनी दी है.
दिल्ली में गर्मी ने मचाया हाहाकार
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री ज्यादा और पिछले दिन से 3.6 डिग्री अधिक था. इससे पहले मई में सबसे गर्म रात 26 मई 2012 को दर्ज हुई थी, जब न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस था. आईएमडी ने शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस और हीटवेव की स्थिति बने रहने का अनुमान है.
कब तक मिलेगी राहत
आईएमडी यानी मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में लगातार चौथे दिन हीटवेव की स्थिति बनी हुई है और अगले सात दिनों तक यह सिलसिला जारी रह सकता है. इसका कारण उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं और उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति है.
कहां कितनी गर्मी
कई मौसम केंद्रों ने दिन के समय अत्यधिक तापमान दर्ज किया. दिल्ली में सबसे गर्म स्थान रिज रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके बाद आया नगर (44.5 डिग्री), पालम (44.3 डिग्री) और लोधी रोड (44.3 डिग्री) रहे. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 3.5 डिग्री ज्यादा है.
रात का तापमान भी शहर भर में सामान्य से काफी अधिक रहा. सफदरजंग में 31.9 डिग्री, पालम में 30.5 डिग्री, रिज में 30.6 डिग्री और लोधी रोड पर 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सभी औसत से काफी ऊपर हैं.
कब माना जाता है गर्म रात
आईएमडी के अनुसार, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा होता है, तो उसे ‘गर्म रात’ माना जाता है. ऐसी स्थिति में स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ जाता है क्योंकि दिन में जमा हुई गर्मी रात में भी कम नहीं हो पाती. मौसम विशेषज्ञों ने इस लंबे समय तक चल रही गर्मी का कारण राजस्थान के थार रेगिस्तान और पाकिस्तान के कुछ हिस्सों से आ रही गर्म, शुष्क हवाओं को बताया, जिससे दिल्ली-एनसीआर में तापमान और बढ़ गया है.
आईएमडी की नई चेतावनी
स्काइमेट वेदर के महेश पलावत ने कहा कि अगले 10 दिनों तक आंधी या प्री-मानसून बारिश की संभावना नहीं है, जिससे हालात और खराब हो रहे हैं. उन्होंने आगे कहा, ‘जमीन को जमा हुई गर्मी छोड़ने का पर्याप्त समय नहीं मिल रहा, जिससे लगातार गर्म रातें हो रही हैं. ये शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं गर्मी को फंसा रही हैं और ठंडक नहीं होने दे रही हैं.’
उन्होंने चेतावनी दी कि दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आने वाले दिनों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे लू, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. भीषण गर्मी का असर वायु गुणवत्ता पर भी पड़ा है. शुष्क, धूल भरी हवाओं के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 209 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है.



