पाकिस्तान ने पीओके को विदेशी क्षेत्र मानकर अपने पैरों पर मारी कुल्हाड़ी, गलती से ही मान लिया भारत का इलाका, भड़के पाकिस्तानी

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ ने हाल ही में माना था कि पाकिस्तान ने 1999 में भारत के साथ समझौता तोड़ा। अब पाकिस्तान ने माना है कि उसके कब्जे वाला कश्मीर (POK), जिसे वह आजाद जम्मू कश्मीर (AJK) कहता है वह एक विदेशी जमीन है। यह भारत के लिए अच्छी खबर है कि पाकिस्तान यह मान चुका है कि पीओके उसका हिस्सा नहीं है। पाकिस्तान के कई लोगों को इस घटना से हैरानी हुई है। इस्लामाबाद हाईकोर्ट में एक सरकारी वकील ने चौंकाने वाला दावा किया, जिसमें कहा गया कि पीओके एक विदेशी क्षेत्र हैं। POK से कवि और पत्रकार अहमद फरहद शाह के दो सप्ताह से गायब होने को लेकर सुनवाई चल रही थी। बाद में पता चला कि वह पुलिस कस्टडी में हैं।
कोर्ट में दिए गए बयान के शब्दों पर ध्यान देना चाहिए। पाकिस्तान ने यह नहीं कहा है कि पीओके या कश्मीर एक स्वतंत्र देश हैं। बल्कि उसने कहा है कि पीओके एक विदेशी क्षेत्र यानी Foreign Territory है। इसका मतलब वह यह भी मानता है कि कश्मीर स्वतंत्र नहीं बल्कि किसी और देश का हिस्सा है। परोक्ष रूप से ही सही, लेकिन पाकिस्तान यह मानता दिख रहा है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और उसने इसके एक इलाके पर जबरन कब्जा किया हुआ है। पाकिस्तान में अब इसे लेकर लोगों में बौखलाहट साफ दिख रही है।



