व्यापार

‘भारत में डिजाइन और इनोवेशन करिए’…नीदरलैंड की नामी कंपनियों के CEOs को PM मोदी का खास न्योता; लिस्ट में फिलिप्स भी शामिल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नीदरलैंड (डच) कंपनियों को भारत में डिजाइन, इनोवेशन और मैन्युफैक्चरिंग करने के लिए आमंत्रित किया, और कहा कि देश में इसके लिए अपार अवसर मौजूद हैं। प्रधानमंत्री मोदी और डच पीएम रॉब जेटेन की मौजूदगी में गुजरात के धोलेरा में सेमीकंडक्टर फैब को सहयोग देने के लिए टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और ASML के बीच हुए एक समझौते पर हस्ताक्षर भी हुए।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-EU FTA को जल्द से जल्द लागू करने की भी अपील की। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह FTA भारत और यूरोपीय संघ को भरोसेमंद और विश्वसनीय साझेदारों के तौर पर और मजबूत करता है, जो खुले बाजारों, समावेशी विकास और मजबूत सप्लाई चेन के लिए प्रतिबद्ध हैं।

डच कंपनियों के CEO के साथ हुई राउंडटेबल मीटिंग

CEO राउंडटेबल में अपने संबोधन में PM मोदी ने कहा कि आज का भारत पैमाने और स्थिरता का प्रतीक है, और इंफ्रास्ट्रक्चर, क्लीन एनर्जी तथा कनेक्टिविटी के क्षेत्र में दुनिया का कोई भी देश इसकी गति की बराबरी नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि यही कारण है कि भारत ग्लोबल ग्रोथ में 17% का योगदान दे रहा है।

इन कंपनियों के सीईओ रहे मौजूद

बैठक में हिस्सा लेने वाले बिजनेस लीडर्स में कीथ स्वेनडसन (सीईओ, एपीएम टर्मिनल्स), क्रिस्टोफ फौक्वेट (चेयरमैन और सीईओ, एएसएमएल), अर्नौट डेमन (सीईओ, डेमन शिपयार्ड ग्रुप), डॉल्फ वैन डेन ब्रिंक (एग्जीक्यूटिव बोर्ड के चेयरमैन और सीईओ, हेनेकेन), मार्जन रिंटेल (अध्यक्ष और सीईओ, केएलएम रॉयल डच एयरलाइंस), मौरिस गेरेट्स (सीईओ, एनएक्सपी सेमीकंडक्टर्स नीदरलैंड्स), रॉय जैकब्स (सीईओ, फिलिप्स), बौडविजन सीमन्स (सीईओ, पोर्ट ऑफ रॉटरडैम) और ओको रूलोफसेन (सीईओ, पावर2एक्स) शामिल रहे।

साथ ही फैब्रिसियो ब्लॉइसी (सीईओ, प्रोसस), सैंडर वान’ट नोर्डेन्डे (सीईओ, रैंडस्टैड), मार्टिजन एगिंक (एमडी, रिजक ज्वान जैडटील्ट एन जाहैंडेल), हंस हुइस्ट्रा (सीईओ, रॉयल एचजेडपीसी ग्रुप), डर्क ते बोकेल (सीईओ, रॉयल आईएचसी), डिक रिचेल (एग्जीक्यूटिव बोर्ड के चेयरमैन और सीईओ, रॉयल वोपाक) और गोवर्ट वान ओर्ड (सीईओ, वैन ओर्ड) ने भी मीटिंग में हिस्सा लिया।

‘भारत के इकोनॉमिक DNA को बदला’

पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार ने लगातार सुधारों के जरिए भारत के आर्थिक DNA को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि प्राइवेट सेक्टर को नीतियों के मामले में निश्चितता देने और उनके लिए अवसर बढ़ाने के लिए, देश ने स्पेस, माइनिंग और परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों को खोल दिया है।

उन्होंने कहा, “हम लगातार नियमों के पालन से जुड़े बोझ को कम कर रहे हैं और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ (व्यापार करने में आसानी) को बढ़ा रहे हैं। हाल ही में, हमने टैक्सेशन, लेबर कोड और गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों में नेक्स्ट-जनरेशन के सुधार लागू किए हैं।”

भारत में डिजाइन-इनोवेशन के लिए किया आमंत्रित

PM मोदी ने कहा कि भारत में मैन्युफैक्चरिंग अब बहुत अधिक किफायती होती जा रही है और सर्विस सेक्टर में देश अपनी प्रतिभा की बदौलत कुशलता और इनोवेशन का इंजन बन गया है। उन्होंने मीटिंग में बताया कि सभी ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंपनियों ने भारत में अपने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर खोल लिए हैं।

PM मोदी ने कहा, “हम आप सभी को भारत में डिजाइन और इनोवेशन करने के लिए आमंत्रित करते हैं। इसके लिए आज से बेहतर समय कोई नहीं हो सकता।”

नीदरलैंड्स है सबसे बड़ा निवेशक

पीएम मोदी ने कहा कि 300 से अधिक डच कंपनियां ‘इंडिया स्टोरी’ का हिस्सा हैं। नीदरलैंड्स, यूरोप से भारत का सबसे बड़ा निवेशक और दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।
दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की मौजूदगी में ASML और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के बीच एक समझौता भी हुआ। पीएम मोदी ने गुजरात के धोलेरा में भारत के पहले फ्रंट-एंड सेमीकंडक्टर FAB के लिए आपस में साझेदारी करने के टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और ASML के फैसले का स्वागत किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button