मध्यप्रदेश

रेत माफिया की दबंगई: आधी रात छापा मारने पहुंची टीम से भिड़ा सरपंच का बेटा, अधिकारियों ने निकाला रसूख

छिंदवाड़ा : जिले के चांद क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। भाजी पानी खापा गांव में दबिश के दौरान रेत से भरा ट्रैक्टर पकड़े जाने पर सरपंच झनकलाल के बेटे भरतराम ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि उसने राजस्व कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और कार्रवाई रुकवाने की कोशिश की। विवाद बढ़ने पर अधिकारियों ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया और पूरा मामला खनिज विभाग को भेज दिया।

रात के समय होता है खनन

जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में नदी और नालों से लगातार अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। ग्रामीणों द्वारा कई बार प्रशासन से शिकायत की गई थी कि रात के समय ट्रैक्टरों से रेत का परिवहन किया जा रहा है, जिससे राजस्व को नुकसान हो रहा है। शिकायतों के आधार पर राजस्व विभाग की टीम ने भाजी पानी खापा गांव में छापामार कार्रवाई की।

खनिज विभाग को भेजा मामला

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने एक ट्रैक्टर को रेत परिवहन करते हुए पकड़ा। टीम दस्तावेजों की जांच कर रही थी, तभी मौके पर पहुंचे भरतराम ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। राजस्व अमले का आरोप है कि उसने अधिकारियों से बहस करते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और ट्रैक्टर छोड़ने का दबाव बनाया। कुछ देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। इसके बाद अवैध रेत परिवहन और शासकीय कार्य में बाधा डालने से जुड़ा प्रकरण तैयार किया गया। राजस्व विभाग ने रिपोर्ट बनाकर आगे की कार्रवाई के लिए मामला खनिज विभाग को भेज दिया है।

लंबे समय से जारी है अवैध उत्खनन

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की नदी-नालों से लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा रसूख के दम पर लगातार रेत का अवैध कारोबार किया जा रहा है। हालांकि हाल के दिनों में प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान तेज किया है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम लगातार दबिश देकर वाहन जब्त कर रही है।

अधिकारियों ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

राजस्व अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने या कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने वालों पर भी नियम अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना रॉयल्टी और अनुमति के रेत परिवहन करने वालों को किसी भी स्थिति में नहीं बख्शा जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button