CG WEATHER : छत्तीसगढ़ में मौसम बदलेगा करवट, आज बारिश-अंधड़ और बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर। मई के पहले पखवाड़े के बाद छत्तीसगढ़ का मौसम लगातार बदल रहा है। कहीं तेज गर्मी पड़ रही है तो कहीं हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने बुधवार 13 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और अंधड़ चलने की संभावना जताई है। साथ ही कुछ इलाकों में बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर तेज गर्मी रही। शाम के समय गर्म हवाएं चलने से उमस और बढ़ गई। बुधवार को रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
प्रदेश में मंगलवार को मौसम शुष्क रहा, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण भी सक्रिय है, जो अगले 48 घंटों में और मजबूत हो सकता है।
इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा।
इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से मणिपुर तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जो छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। इसी सिस्टम के असर से प्रदेश में बादल, गरज-चमक और हल्की बारिश की स्थिति बन रही है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने को कहा गया है।



